– सफाई कर्मचारियों तथा सुपरवाईजरों को नौकरी से निकालने की निगम ने की तैयारी

– नो वर्क-नो पे के सिद्धांत की गंभीरता से की जा रही पालना

गुरूग्राम, 28 दिसंबर। नगर निगम गुरूग्राम क्षेत्र में पिछले काफी दिनों से चल रही हड़ताल को छोडक़र लगभग 1700 कर्मचारी काम पर वापिस लौट आए थे, लेकिन इनमें से कुछ कर्मचारी पिछले 2 दिन से वापिस हड़ताल में शामिल हो गए हैं। नगर निगम गुरूग्राम द्वारा ऐसे कर्मचारियों तथा उनके सुपरवाईजरों पर सख्ती बरतते उन्हें नौकरी से निकालने की तैयारी की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि सरकार की हिदायत अनुसार निगम प्रशासन नो वर्क-नो पे के सिद्धांत की गंभीरता से पालना कर रहा है। इसके तहत केवल उन्हीं कर्मचारियों को वेतन मिलेगा, जो अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। ड्यूटी को छोडक़र हड़ताल में शामिल होने वाले कर्मचारियों को किसी भी सूरत में वेतन नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा, उन सुपरवाईजरों पर भी कार्रवाई की जाएगी, जो कर्मचारियों को काम नहीं करने दे रहे हैं तथा उन्हें जबरदस्ती हड़ताल में शामिल कर रहे हैं। नगर निगम गुरूग्राम दुबारा से हड़ताल में शामिल होने वाले लगभग 400 सफाई कर्मचारियों तथा सुपरवाईजरों को नौकरी से निकालने के नोटिस जारी कर रहा है। नोटिस के माध्यम से कर्मचारियों से कहा गया है कि वे अगर सोमवार तक काम पर वापिस नहीं लौटते हैं, तो उन्हें नौकरी से निकाल दिया जाएगा।

error: Content is protected !!