समाज के अंतिम पायदान पर खड़े सफाईकर्मियों की नौकरियां छीन रही है सरकार-चौधरी संतोख सिंह

मुख्यमंत्री ने सफ़ाई कर्मचारियों के साथ संवाद न करके साबित कर दिया है कि जनसंवाद कार्यक्रम महज़ एक ड्रामा है।

चुनाव नज़दीक देखकर नींद से जागे मुख्यमंत्री को याद आयी गुरुग्राम की सफ़ाई व्यवस्था।

गुरुग्राम में सफ़ाई व्यवस्था बिलकुल चौपट।

सफ़ाई कर्मचारियों की माँगे पूरी करे सरकार।

गुरुग्राम, 22 दिसम्बर, 2023 – संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम के अध्यक्ष एवं जिला बार एसोसिएशन गुरुग्राम के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने आज सफ़ाई कर्मचारियों के धरने पर जाकर उनकी माँगो का समर्थन किया।उन्होंने कहा कि सफ़ाई कर्मचारियों की माँगें जायज़ है और सरकार और उनकी माँगो को तुरंत पूरा करें।

उन्होने कहा कि गुरुग्राम में सफ़ाई कर्मचारी पिछले 73 दिनों से धरने पर बैठे हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल गुरुग्राम आए थे तो उनको सफ़ाई कर्मचारियों के साथ संवाद करना चाहिए था। मुख्यमंत्री ने सफ़ाई कर्मचारियों के साथ संवाद न करके साबित कर दिया है कि जनसंवाद कार्यक्रम महज़ एक ड्रामा है।

उन्होंने कहा कि चुनाव नज़दीक देखकर नींद से जागे मुख्यमंत्री मनोहर लाल को गुरुग्राम की सफ़ाई व्यवस्था की याद आयी। उन्होंने कहा कि साढ़े चार साल से गुरुग्राम का बुरा हाल है सफ़ाई व्यवस्था बिलकुल चौपट है लेकिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक दिन भी इस बारे में विचार नहीं किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ज़्यादातर गुरुग्राम में आकर ही ठहरते हैं लेकिन उसके बावजूद पिछले साढ़े चार साल से गुरुग्राम का बुरा हाल है।

उन्होंने कहा कि नए सफ़ाई कर्मचारियों की भर्ती की जानी चाहिए थी और क्षेत्रफल की आबादी के हिसाब से सफ़ाई कर्मचारियों के नए पद सृजित किए जाने चाहिए थे। लेकिन सरकार ने 3400 सफ़ाई कर्मचारियों को छँटनी करके हटा दिया है।

उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि सफ़ाई कर्मचारियों का वेतन नहीं दिया जा रहा है और उनके पी० एफ० की राशी का पैसा उनके पी० एफ० अकाउंट में जमा नहीं कराया जा रहा है।

उन्होने कहा की सफ़ाई कर्मचारियों की माँगें जायज़ है और संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम सफ़ाई कर्मचारियों की माँगो का पूर्ण समर्थन करता है। उन्होंने सरकार से माँग की कि छँटनी किए गए 3400 सफ़ाई कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से बहाल किया जाए। सफ़ाई कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया जाए। सफ़ाई कर्मचारियों के पी० एफ० की राशी का पैसा उनके पी० एफ० अकाउंट में जमा कराया जाए तथा क्षेत्रफल आबादी के हिसाब से सफाई कर्मचारियों के पद सृजित किए जाएं।

आज के धरने में हरियाणा जनवादी महिला समिति से ऊषा सरोहा, मनीष मक्कड़ अनीता देवी, सोनिया देवी, बसंत कुमार,भारत कांगड़ा, धर्मेन्द्र जिघोला,कैलाश कुमार, रीना देवी, दीपा, सीमा, ज्योति, पिंकी, आशा तथा सैकड़ों की संख्या में सफ़ाई कर्मचारी उपस्थित थे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!