निगम प्रशासन ने कचरा उठान किया तेज, 4-5 दिन में सुनिश्चित कर ली जाएगी सभी क्षेत्रों की सफाई

 नगर निगम गुरूग्राम के आयुक्त पीसी मीणा चुनाव ड्यूटी से वापिस आकर लगातार कर रहे शहर का दौरा

– सभी संयुक्त आयुक्त भी अपने-अपने जोन में लगातार कर रहे निगरानी, पूरी क्षमता से सफाई व्यवस्था को करवा रहे सुनिश्चित, नागरिकों को नहीं होने दी जाएगी कोई भी परेशानी

– ज्यादातर सफाई कर्मचारी धरने पर बैठने की बजाए वापिस काम पर लौट रहे हैं
– नागरिक निगम प्रशासन की कर रहे सराहना, जबकि बेबुनियादी हड़ताल से हैं आक्रोशित

गुरूग्राम, 19 नवंबर। नगर निगम प्रशासन ने शहर की सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए और अधिक तेजी से कार्य शुरू कर दिया गया है तथा सप्ताह के सातों दिन कचरा उठान पर जोर दिया जा रहा है। कई क्षेत्रों में दिन ही नहीं, बल्कि रात के समय भी सफाई व्यवस्था व कचरा उठान कार्य तेज गति से किया जा रहा है। नगर निगम गुरूग्राम के आयुक्त पीसी मीणा भी चुनाव ड्यूटी से वापिस आने के बाद लगातार शहर का दौरा कर रहे हैं।

नगर निगम गुरूग्राम के सभी संयुक्त आयुक्त अपने-अपने जोन में पूरी क्षमता के साथ सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करवाने सहित कचरा उठान तेज गति से करवा रहे हैं। अब तक पुराने पड़े कचरे को उठाया जा चुका है तथा अगले 4-5 दिन में सभी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाएगी। नगर निगम गुरूग्राम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सफाई व्यवस्था उपलब्ध करवाना है, जिसमें कई आरडब्ल्यूए, वरिष्ठ नागरिकों, पूर्व पार्षदों व अन्य गणमान्य व्यक्तियों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। कई स्थानों पर नागरिकों द्वारा निगम प्रशासन से ट्रैक्टर-ट्रॉली, मैनपावर व सफाई संसाधन लेकर सफाई व्यवस्था अपनी मौजूदगी व निगरानी में करवाई जा रही है।

वहीं, दूसरी ओर सफाई कर्मचारियों की चल रही बेबुनियादी हड़ताल अब धीरे-धीरे दम तोड़ती जा रही है। सफाई कर्मचारी भी अब हड़ताल पर बैठने की बजाए काम पर वापिस लौट रहे हैं तथा निजी एजेंसियों के माध्यम से नियुक्त होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ ही अपने परिवार की रोजी-रोटी चलाने को महत्व दे रहे हैं। इसके अलावा, 200 से अधिक निगम रोल के कर्मचारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने में जुट गए हैं। निगम प्रशासन द्वारा ऐसे कर्मचारियों का स्वागत किया जा रहा है, जो अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा व मेहनत से कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर उन कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है, जो काम पर लौटने की बजाए, निगम प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्य में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश कर रहे हैं। निगम प्रशासन द्वारा स्पष्ट कर दिया गया है कि हरियाणा नगर निगम अधिनियम-1994 की धारा-303 के तहत बिना अनुमति के कोई भी सफाई कर्मचारी अगर अनुपस्थित रहता है, तो वह कार्रवाई के लिए स्वयं जिम्मेदार होगा। वहीं, कई कर्मचारियों को टर्मिनेट किया गया है तथा शेष अन्य को टर्मिनेट करने की योजना पर विचार हो रहा है। साथ ही भ्रष्टार के आरोप में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सफाई यूनियन के प्रधान व सचिव को भी बर्खास्त करने के आदेश जल्द ही जारी किए जाएंगे।

चुनाव ड्यूटी से वापिस आने के बाद नगर निगम गुरूग्राम के आयुक्त पीसी मीणा स्वयं अधिकारियों की टीम के साथ विभिन्न क्षेत्रों का लगातार दौरा कर रहे हैं। निगमायुक्त के अनुसार शहरवासियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी तथा अगले 4-5 दिन में सभी क्षेत्रों में कचरा उठान व सफाई व्यवस्था को दुरूस्त कर लिया जाएगा। उन्होंने उन सभी आरडब्ल्यूए, पूर्व पार्षदों, वरिष्ठ नागरिकों व अन्य गणमान्य नागरिकों का भी धन्यवाद किया, जो अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करवाने में अपना भरपूर सहयोग कर रहे हैं। साथ ही हड़ताली कर्मचारियों से भी आह्वान किया गया है कि वे किसी में बहकावे में आने व राजनीतिक माध्यम बनने की बजाए काम पर वापिस लौट आएं। नगर निगम प्रशासन पूर्व की भांति अब भी उनको हर संभव सहायता उपलब्ध करवाएगा।

नागरिकों में हड़तालीकर्मचारियों के प्रति आक्रोश, निगम प्रशासन की कर रहे सराहना : शहर के नागरिकों में सफाई कर्मचारियों की बेबुनियादी हड़ताल के प्रति आक्रोश है, वहीं निगम प्रशासन द्वारा गत दिनों में करवाए जा रहे कार्य की सराहना नागरिक कर रहे हैं। बादशाहपुर क्षेत्र के रहने वाले देवेन्द्र यादव, दीपक यादव, मनोज जिंदल व अंकित राघव का तो यहां तक कहना है कि पहले उनके क्षेत्र में निगम रोल व नियमित सफाई कर्मचारी कार्य कर रहे थे, लेकिन उसके बावजूद भी सफाई व्यवस्था सही नहीं थी। निगम प्रशासन द्वारा गत दिनों उनके क्षेत्रों में बेहतर ढ़ंग से कार्य करवाया जा रहा है। वे सरकार व निगम प्रशासन से मांग करते हैं कि उनके क्षेत्र में भविष्य में नियमित व निगम रोल के कर्मचारियों की नियुक्ति ना की जाए।

सदर बाजार सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था व कचरा उठान रविवार को भी जारी रहा। निगम की टीम द्वारा समय-समय पर इस क्षेत्र में करवाई जा रही सफाई व्यवस्था से बाजार के दुकानदार व यहां आने वाले ग्राहक काफी हद तक संतुष्ट हैं। निगम टीमों ने बादशाहपुर, कन्हैयी, वजीराबाद, चक्करपुर, सब्जी मंडी, सदर बाजार, बस स्टैंड, कार्टरपुरी, शनि मंदिर, सैक्टर-37, ओल्ड दिल्ली रोड़, नई व पुरानी रेलवे रोड़ सहित दर्जनों संवेदनशील स्थानों से कचरा उठान सुनिश्चित किया गया है तथा बाकी क्षेत्रों से भी जल्द ही कचरा उठा लिया जाएगा।

‘निगम प्रशासन पूरी क्षमता के साथ कचरा उठान व सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए तेजी से कार्य कर रहा है तथा अगले 4-5 दिनों में पूरे निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को दुरूस्त कर लिया जाएगा। काम के इच्छुक सफाई कर्मचारी भी काफी संख्या में काम पर वापिस लौट आए हैं तथा कई अन्य भी आने की तैयारी कर रहे हैं। अगर कोई कर्मचारी अब भी काम पर वापिस नहीं आता है, तो उसके खिलाफ नियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसका जिम्मेदार संबंधित कर्मचारी स्वयं होगा’-पीसी मीणा, आयुक्त नगर निगम गुरूग्राम।

You May Have Missed

error: Content is protected !!