– भाजपा सरकार ने 9 वर्षों में लोगों का जीवन सरल बनाया :  सैनी

– यमुनानगर में नागरिक अभिनंदन समारोह में बोले नायब सैनी – 55 सालों से कांग्रेस गरीब को छलती आ रही है

चंडीगढ़, 18 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा है कि नौ वर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के लिए अनेकों कार्य किए हैं। इससे सिर्फ देश की तस्वीर ही नहीं बल्कि तकदीर बदल गई है। नायब सैनी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलकर सिर्फ लोगों को गुमराह करने वाली पार्टी है, लेकिन भाजपा जो भी दावे करती है उसे पूरा करके दिखाती है। प्रदेश अध्यक्ष श्री सैनी शनिवार को यमुनानगर में पार्टी कार्यालय ‘‘यमुना कमल’’ में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।  

शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर, विधायक घनश्यामदास अरोड़ा, जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कर्णदेब काम्बोज, जिला प्रभारी धूमनसिंह किरमच व अन्य पदाधिकारियों ने श्री सैनी का पगड़ी बांधकर स्वागत किया। नागरिक अभिनंदन समारोह में पहुंचने से पहले श्री सैनी का रादौर व जगाधरी में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। नागरिक अभिनंदन समारोह में स्वागत से गदगद नायब सैनी ने सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे यमुनानगर के लोगों का है और इस सम्मान को कभी कम नहीं होने दूंगा।

नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में तेजी से व्यवस्था में बदलाव हुआ है। भाजपा सरकार की सर्वांगीण विकास की सोच का परिणाम है कि आज लोगों का जीवन सरल हुआ है और घर बैठे ही मूलभूत सुविधाएं मिल रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने देश और प्रदेश हित में लिए गए ऐतिहासिक फैसलों से देश और प्रदेश की दशा-दिशा बदली है। इन फैसलों से जन आकांक्षाओं की पूर्ति हुई साथ विश्व पटल पर देश की छवि मजबूत हुई। श्री सैनी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत बनाने का संकल्प, उज्जवला योजना के तहत गरीब महिलाओं को गैस सिलेंडर देकर धूंआ से मुक्ति दिलाना, शौचालयों का निर्माण करवाकर महिलाओं का सम्मान बढ़ाना और हर घर में नल से जल पहुंचाने जैसे निर्णयों से लोगों का जीवन सरल हुआ है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल सरकार द्वारा पारदर्शी तरीके से कराए जा रहे कार्यों की प्रशंसा हर तरफ हो रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कल्पना से परे जनहित के काम किए हैं। कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए श्री सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाने का झूठा नारा दिया था। 55 सालों तक कांग्रेस ने गरीब का कोई भला नहीं किया, उलटा गरीबों से दूर भागती रही। कांग्रेस शासनकाल में गरीब व्यक्ति मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसता था। भाजपा की मोदी और मनोहर सरकार ने अंत्योदय की नीति पर चलते हुए गरीब लोगों की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है।

श्री सैनी ने कहा कि भाजपा शासन में गरीब व्यक्ति को अपने इलाज की चिंता नहीं है। आयुष्मान और चिरायु कार्ड से गरीब व्यक्ति निशुल्क अपना इलाज करा रहे हैं। मूलभूत सुविधाएं गरीबों के घर तक पहुंच रही है। यह बदलता हुआ हरियाणा है कि सरकार गरीबों को ढूंढ-ढूंढ कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

देश और प्रदेश के मजबूत होते इंफ्रास्ट्रक्चर पर बोलते हुए श्री सैनी ने कहा कि आज पूरे हरियाणा में हाइवे, एक्सप्रेस-वे और सड़कों का जाल बिछ है। आवागमन सरल हुआ है वहीं रोजगार के अवसर बढ़े हैं। इन 9 सालों में देश और प्रदेश में बहुत बड़ा फर्क आया है। प्रदेश अध्यक्ष श्री सैनी ने कहा कि देश और प्रदेश की खुशहाली के लिए काम करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल को हम सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर मजबूत करना है।

नायब सैनी ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आते हैं कांग्रेस के नेता झूठ बोलने के लिए निकल पड़ते हैं। इनकी दुकान में सामान तो कोई है नहीं, सिर्फ झूठ के बलबूते पर लोगों को भ्रमित करते हैं जिसका दुष्परिणाम भोली भाली जनता को भुगतना पड़ता है। श्री सैनी ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किसानों का कर्जा माफ करने का झूठा वादा पिछले चुनावों में किया था। इस झूठ का परिणाम यह निकला कि 4500 किसानों ने राजस्थान में आत्महत्या कर ली और 1950 किसानों की जमीन सरकार ने कुर्क कर ली। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सभी को  एकजुट होकर कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश करना है और भाजपा की जनहितैषी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है। चुनाव 2024 में डबल इंजन की सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्य और जनहितैषी योजनाओं के बलबूते पर देश और प्रदेश में मोदी-मनोहर सरकार को फिर से बनाने का संकल्प लें।

भाजपा का उद्देश्य सत्ता के माध्यम से जन सेवा करना है:  कंवरपाल गुर्जर

– कांग्रेस का एक ही एजेंडा झूठ बोलकर सत्ता हथियाना

यमुनानगर। हरियाणा सरकार में शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। भाजपा का उद्देश्य सत्ता हथियाना नहीं है, बल्कि सत्ता के माध्यम से जन सेवा करना है। उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता हथियाने के एजेंडे पर ही काम करने वाली पार्टी है। इस मौके पर श्री गुर्जर ने नायब सैनी को हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आने वाला समय काफी अच्छा है। श्री सैनी के मार्गदर्शन में 2024 में हरियाणा में दसों लोकसभाओं में कमल खिलेगा और तीसरी बार मोदी-मनोहर सरकार बनेगी।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि 2014 से पहले चर्चा रहती थी कि जहां का मुख्यमंत्री होगा चौधर उसी जिले व शहर की होगी। लेकिन अब समय बदल चुका है, अब भाजपा की सरकार है। अब चौधर की बात नहीं होती। उन्होंने कहा कि हम सभी जनता के सेवक हैं और जिम्मेदारी के साथ जनसेवा के मिशन पर जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मनोहर सरकार में बिना पर्ची और खर्ची के मैरिट के आधार पर युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल रही है।

भारत की सांस्कृतिक विरासत और वेदों पर बोलते हुए कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि हम किसी के पिछलग्गू नहीं रहे हैं। आने वाले पांच हजार सालों में सूर्य या चंद्रमा ग्रहण कब होगा हम बता सकते हैं। आज नासा भी हमारे वेदों पर रिसर्च कर रहा है। भाजपा के पास ज्ञान है और इसी ज्ञान के दम पर ही भारत विश्व गुरू बनेगा। उन्होंने कहा कि विश्व कुटुम्बकम के मंत्र पर चलते हुए भारत का लक्ष्य किसी पर राज करने का नहीं है बल्कि लोगों को साथ लेकर चलने का है। दुनिया में अमम-चौन कायम करने की सोच सिर्फ भारत के पास है। इसी सोच को और अधिक मजबूत करने के लिए 2024 में हमें फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है।

इस मौके पर नगर निगम मेयर मदन चौहान, जिला परिषद अध्यक्ष रमेश चंद ठस्का, जिला महामंत्री कृष्णा सिंगला, जिला महामंत्री सुरेंद्र बनकट, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवेंद्र चावला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बंतो कटारिया, पूर्व चेयरपर्सन रोजी मलिक आनंद मंडल, प्रदेश सचिव ईश्वर पलाका, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल राणा, जिला मीडिया प्रमुख कपिल मनीष गर्ग, सीताराम मित्तल करनेश शर्मा, प्रवीण शर्मा पिन्नी, प्रदेश आईं टी प्रमुख आदित्य चावला, विस्तारक राममेहर कुंडु ,रानी कालड़ा, संगीता सिंघल आदि मौजूद रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सैनी ने सब्जी विक्रेता का किया सम्मान

– सब्जी विक्रेता ने जीवन में आए बदलाव के लिए मोदी जी का जताया आभार

यमुनानगर। हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी के दिल में गरीब लोगों के प्रति जो सम्मान है उसका उदाहरण बार-बार देखने को मिल रहा है।  शनिवार को भी यमुनानगर अभिनंदन समारोह के उपरांत रास्ते में श्री सैनी ने सब्जी विक्रेता नन्हेराम से अपनी गाड़ी रूकवाकर मुलाकात की। प्रदेश अध्यक्ष ने नन्हें राम को मिठाई खिलाई और शॉल ओढाकर उनको सम्मानित किया। श्री सैनी ने नन्हे राम से कहा कि जो मेहनत आप कर रहे हो उस पर हमें गर्व है।

अचानक प्रदेश अध्यक्ष से मिलने पर उत्साहित सब्जी विक्रेता नन्हें राम ने कहा कि उनके जीवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं से काफी बदलाव आया है। पीएम मोदी की योजनाओं की बदौलत ही घर मिला है और उसमें रसोई गैस आई है। नन्हें राम ने जीवन में आए परिवर्तन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। नन्हें राम ने प्रदेश अध्यक्ष श्री सैनी से मोदी जी के पास उनका धन्यवाद पहुंचाने का आग्रह किया।

error: Content is protected !!