कांग्रेस के सिर पर भ्रष्टाचार की गठरी है: नायब सैनी

नागरिक अभिनंदन समारोह अंबाला में बोले नायब सैनी – मोदी-मनोहर के नेतृत्व में देश और प्रदेश में भाजपा लगाएगी हैट्रिक
– मोदी-मनोहर सरकार में और अधिक मजबूत हुआ है जनता-जर्नादन का भरोसा

चंडीगढ़,  9 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस के सिर पर भ्रष्टाचार की गठरी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सिर पर विकास की गठरी है। भाजपा विकास की राजनीति करती है और कांग्रेस भ्रष्टाचार तथा परिवारवाद की राजनीति करती है। श्री सैनी ने कहा कि मोदी-मनोहर सरकार के द्वारा गांव, गरीब, किसान की खुशहाली व प्रगति के लिए किये गए कार्यों से इन 9 सालों में भाजपा पर जनता जर्नादन का भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है। कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और आमजन का उत्साह बता रहा है कि 2024 में मोदी-मनोहर के नेतृत्व में देश और प्रदेश में भाजपा हैट्रिक लगाएगी। अपने नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम के तहत गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी अंबाला में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।

नागरिक अभिनंदन समारोह में पहुंचने से पहले प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने प्रदेश के गृहमंत्र अनिल विज से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंटवार्ता की। दोनों नेताओं ने विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा की। इसके बाद श्री सैनी समारोह स्थल पहुंचे। यहां पहुंचने पर गृहमंत्री अनिल विज ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर विधायक असीम गोयल, जिला अध्यक्ष राजेश बतौरा, प्रदेश मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बंतो कटारिया, पदाधिकारियों, सरपंचों व अनेक सामाजिक संगठनों ने नायब सैनी का फूल मालाओं, ढोल नगाड़ों से जोरदार स्वागत किया। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिंदाबाद, नायब सैनी जिंदाबाद, मोदी और मनोहर जिंदाबाद के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का उत्साह और जनता से मिले अपार समर्थन से गदगद हुए नायब सैनी ने कहा कि आप लोगों द्वारा दी गई पगड़ी का सदैव मान और सम्मान रखूंगा।

नायब सैनी ने कहा कि साढ़े नौ सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरते हुए भारत को सुरक्षित बनाया है। गरीब कल्याण के लक्ष्य को चरितार्थ किया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल सरकार ने  हरियाणा में पिछली सरकार से कई गुणा अधिक काम किया है। नौकरियों में पारदर्शिता लाई गई है और भाई-भतीजावाद, सिफारिश, पर्ची-खर्ची सब पर लगाम लगाई गई है। उन्होंने कहा कि अब लोगों को नौकरियों और ट्रांसफर कराने के लिए राजदरबारों में चक्कर नहीं लगाने पड़ते।  श्री सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन करते हुए भय, भ्रष्टाचार और भेदभाव के माहौल से जनता को राहत देने का काम किया है। डबल इंजन की सरकार ने कल्याणकारी योजनाएं बनाकर गरीबों को बहुत बड़ी राहत पहुंचाई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के समय में खूब भ्रष्टाचार होता था। कांग्रेस शासन में पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा था कि केंद्र से 100 रुपये भेजे जाते हैं जो आगे जाते-जाते 15 रुपये रह जाते हैं। कांग्रेस को इन 85 रुपयों की कोई चिंता नहीं थी। आज केंद्र से एक रुपया आता है तो मुख्यमंत्री मनोहर लाल सवा रूपया करके उसे गरीबों तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। मोदी और मनोहर सरकार ने गरीब लोगों की चिंता करनी शुरू की और उनके कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं बनाई जिनका लाभ आज देश और प्रदेश के लोगों को मिल रहा है।

मोदी के नेतृत्व में मजबूत और सशक्त हो रहे भारत पर बोलते हुए श्री सैनी ने कहा कि विश्व में अब भारत की साख बढ़ रही है। श्री सैनी ने कहा यह मोदी का मजबूत भारत है जिसका लोहा पूरी दुनिया मान रही है। उन्होंनें ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं के दम पर धारा 370 को मिटाया। आज अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। भाजपा की सरकार ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का काम किया है।

श्री सैनी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के मान और सम्मान को बढ़ाने की जिम्मेदारी मेरी है, बस आप सभी कार्यकर्ता डबल इंजन की सरकार को पुनः स्थापित करने में अभी से जुट जाएं और सबसे पहले दस के दस कमल खिलाकर मोदी की झोली में डालने का काम करें। 2024 में एक बार फिर कार्यकर्ताओं और विकास के दम पर देश और प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार बनेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने सदा झूठ का सहारा लेकर भ्रम की स्थिति में लोगों को डालने का काम किया है। आज कांग्रेस के पास केवल मात्र झूठ बची है। कांग्रेस को देश और प्रदेश का विकास करने का समय मिला था, लेकिन वे जनहित के काम करने में नाकाम रहे। कांग्रेस सिर्फ चुनाव के समय कहती है कि गरीबी हटाएंगे, लेकिन नहीं हटा पाए। श्री सैनी ने कहा कि नौ सालों में मोदी के नेतृत्व में ऐसी-ऐसी कल्याणकारी योजनाएं बनाई गई जिससे गरीबों का जीवन बदल रहा है।

नायब सैनी ने कहा कि मोदी-मनोहर सरकार ने पारदर्शिता के आधार पर लोगों का जीवन सरल किया है। देश और प्रदेश का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत किया है। आज सड़कों का जाल बिछ रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे मां अम्बा की इस पावन भूमि से संकल्प लेकर जाएं कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मनोहर लाल के नेतृत्व में 2024 में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएंगे।

भाजपा में ही बन सकता है चाय बेचने वाला व्यक्ति भी प्रधानमंत्री: अनिल विज

– भाजपा ही एकमात्र राजनीतिक पार्टी, बाकी सब कुनबा या गैंग: अनिल विज

– महिलाओं पर गंदी बात बोलकर बिहार के सीएम ने नीचता की प्रकाष्ठा की: विज

अंबाला। हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसमें पन्ना प्रमुख से लेकर कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है। रेलवे स्टेशन पर चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री बन सकता है, ऐसा किसी भी पार्टी में नहीं हो सकता। विपक्षी पार्टियों को निशाने पर लेते हुए श्री विज ने कहा कि दूसरे दल तो सिर्फ कुनबा या फिर गैंग है। उन पार्टियों में मुख्यमंत्री का बेटा ही मुख्यमंत्री बनता है। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों में आंतरिक प्रजातंत्र नहीं है तो ऐसे में ये देश के प्रजातंत्र को कैसे सुरक्षित रख सकते हैं।

अनिल विज ने कहा कि यह समय तुलनात्मक अध्ययन करने का है। नायब सैनी ऐसे समय में प्रदेश अध्यक्ष बनें जब सभी पार्टियां चुनावों की तैयारियां कर रही हैं। लोगों ने कांग्रेस समेत दूसरी विपक्षी पार्टियों का भ्रष्टाचार देखा और इन नौ सालों में भाजपा का पारदर्शिता और अंत्योदय को समर्पित शासन भी देखा है।

बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री नितिश कुमार के महिलाओं पर दिए गए बयान पर बोलते हुए अनिल विज ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री ने नीचता की प्रकाष्ठा को पार कर दिया। विधानसभा में घिनौनी बातें जो उन्होंने की है उससे उनकी मानसिकता कैसी होगी यह दर्शाती है। ऐसी गंदी बात कहने वाले व्यक्ति को संवैधानिक पद पर नहीं होना चाहिए। बिहार के सभी विधायकों को चाहिए के वे दलगत राजनीति से उपर उठकर बिहार के मुख्यमंत्री के खिलाफ एकजुट होकर अविश्वास प्रस्ताव लाएं और उन्हें सीएम पद से हटाएं।

इंडी गठबंधन और कांग्रेस नेताओं की सोच पर निशाना साधते हुए अनिल विज ने कहा कि कांग्रेसी व इंडी गठबंधन में शामिल नेता घिनौनी हरकतें और बातें करते हैं। राहुल गांधी लोकसभा में फ्लाईंग किस करता है, आंख मारता है। कैसे-कैसे लोगों का कुनबा इंडी गठबंधन में एकत्रित हो गया। अनिल विज ने कहा कि भाजपा महिलाओं का सम्मान करने वाली पार्टी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को धूआं से मुक्ति दिलाई। हर घर नल से जल देकर दूर-दूर से पानी लाने से राहत पहुंचाई। महिलाओं के हक में नारी शक्ति वंदन बिल लाकर लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण दिया।

गृहमंत्री ने कहा कि इंडी गठबंधन के नेता रात में टी पार्टी करते हैं और दिन में आकर लड़ते हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि वे दूसरे राज्यों में जाकर बोलते हैं दिल्ली का मॉडल दूंगा, क्या है दिल्ली का मॉडल? आम आदमी पार्टी के दो मंत्री और एक सांसद जेल में बंद है और अब केजरीवाल का क्या होगा भगवान ही जानें!

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भी गृहमंत्री अनिल विज ने निशाना पर लिया। उन्होंने कहा कि श्री हुड्डा आज अपनी-अपनी ढपली और अपना-अपना राग अलाप रहे हैं। जिस भी दिन हुड्डा कोई घोषणा करते हैं तो उसे अगले ही दिन अखबार में हुड्डा के विरोध में श्रीमती शैलजा का बयान आ जाता है। कांग्रेस के पार्टी अध्यक्ष भी कहते हैं कि यह फैसला हमने नहीं लिया। श्री विज ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा लोगों को गुमराह कर रहे हैं और सीएम बनने का सपना देख रहे हैं जो कभी पूरा होने वाला नहीं है। हुड्डा की सरकार में इतने पाप हुए हैं कि हरियाणा की जनता कभी भूल नहीं सकती।

गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि अब नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी की अगुवाई में होने वाले लोकसभा चुनाव में हरियाणा की दस की दस सीटों पर कमल खिलेगा और केंद्र तथा हरियाणा में भी बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार का होना जरूरी है। इस मौके पर श्री विज ने मोदी- मनोहर सरकार की उपलब्धियां भी बताई।

इस मौके पर पूर्व विधायक रमेश कश्यप, पूर्व विधायक राजबीर सिंह,  प्रजापति, पूर्व जिला अध्यक्ष नीता खेड़ा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र राणा, जिला महामंत्री कृष्ण राणा, पूर्व जिला अध्यक्ष जगमोहन, राजकुमार, ओम प्रकाश भट्ठ, श्रीमती गुरप्रीत कौर, जिला परिषद के चेयरमैन राजेश लाडी, संजीव मंजलासा, दीपक नागपाल, विस्तारक सुभाष, राजबीर, सतीश मेहता, सुरेंद्र राणा, मोर्चा, मंडलों के अध्यक्ष, सरपंच, भाजपा के कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!