– कांग्रेसी झूठे वादे करने में माहिर : धनखड़
– ऐलनाबाद विधानसभा पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़

चंडीगढ़, 28 सितम्बर। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि पन्ना प्रमुख अपने-अपने क्षेत्र के 15-15 घरों की जिम्मेदारी लें और उनके सेवादार बनकर कार्य करें। सिरसा जिला की ऐलनाबाद विधानसभा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में बोलते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर भी हमला बोला और कहा कि कांग्रेसी झूठे वादों के माहिर हैं और ये केवल बातों के ही शेर हैं। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे कांग्रेसी झूठ बोलकर लोगों को लुभाने का प्रयास करेंगे, लेकिन जनता बड़ी समझदार है वो इस बार भी कांग्रेस को पूरी तरह से नकार देगी, क्योंकि कांग्रेसी जनता को गाली दे रहे हैं।  इससे पहले ओम प्रकाश धनखड़ ने देशभक्ति और पराक्रम के अद्वितीय प्रतीक, मां भारती के वीर सपूत शहीद-ए-आजम भगत सिंह जी की जयंती पर उन्हें नमन किया। सम्मेलन को सांसद सुनीता दुग्गल और पन्ना प्रमुख सम्मेलन के संयोजक गोविंद कांडा ने भी संबोधित किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता पार्टी का आधार स्तंभ है।  उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर ही 2014 से भारतीय जनता पार्टी की विजय यात्रा शुरू हुई। कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर भाजपा ऐसी पार्टी बन गई है जो बूथ स्तर पर मजबूत है। उन्होंने सभी पन्ना प्रमुखों से 2024 में केंद्र और हरियाणा में भाजपा सरकार को पुनः स्थापित करने के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।

प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि पहले जब कांग्रेस के राज में देश के नेता विदेश जाते थे, तब भारतीय नेताओं के ऐयरपोर्ट पर जूते उतारकर तलाशी ली जाती थी। आज विदेश के राष्ट्राध्यक्ष पीएम मोदी के पैर छूते हैं और गले मिलते हैं, यह बदलता हुआ भारत है। श्री धनखड़ ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। पन्ना प्रमुखों को सचेत करते हुए धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस की सरकार द्वारा किसानों को फसल खराब होने पर जो ढाई-ढाई रुपयों के चेक दिए थे उन्हें याद रखना है और साथ ही जनता के बीच जाकर इनके लुभावने झांसों की पोल खोलनी है। राहुल गांधी राजस्थान में किसानों के कर्ज माफ करने का वादा करके आए थे। आज भी राजस्थान के कर्ज में डूबे किसान राहुल को ढूंढ रहे हैं।  

धनखड़ ने कहा कि हम विश्व की पांचवी सबसे बड़ी आर्थिक व्यवस्था हैं, आने वाले समय में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश होगा। उन्होंने कहा कि धारा-370 भाजपा ने हटाई और अब अयोध्या में राम मंदिर का भव्य निर्माण हो रहा है जिसका कांग्रेसियों ने सदा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश ने देखा कि कांग्रेस के समय लोग कैसे गैस सिलेंडर के लिए लाइनों में खड़े रहते थे, लेकिन आज भाजपा शासन में घर-घर सिलेंडर पहुंच रहा है। हर घर नल से जल देकर मोदी सरकार ने महिलाओं के जीवन में परिवर्तन लाने का काम किया है। मोदी सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में नारी शक्ति वंदन बिल को पास कराकर इतिहास रचा है।

प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने कहा कि वसुधैव कुटुम्बकम की नीति पर चलते हुए दूसरे देशों की सहायता कर सकें इसके लिए हम भारत को मजबूत वैभवशाली और शक्तिशाली बनाना चाहते हैं।  प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस की नीति और नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आजादी के देश का विभाजन स्वीकार किया था, विभाजन की विभीषिका में लाखों लोग मारे गए। भगत सिंह का गांव पाकिस्तान में चला गया। करतापुर साहिब पाकिस्तान में चला गया। उन्होंने कहा कि इस इतिहास को भूलना नहीं है इसे याद रखना है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा  सरकार ने साढ़े 9 साल  में देश की तरक्की के लिए काम किया है। देश का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हुआ है। सड़कों, हाइवे और एक्सप्रेस-वे का जाल बिछ रहा है। अमेरिका की संसद में मोदी-मोदी के नारे लगते हैं। उन्होंने सभी पन्ना प्रमुखों का आह्वान करते हुए कहा कि जब सरकार अच्छा काम कर रही है तो उसे एक और पारी देने का मौका फिर से मिलना चाहिए।

इस मौके पर सांसद सुनीता दुग्गल ने भाजपा की नीतियों का गुणगान करते हुए कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में दूसरे देशों में भी अपनी अलग पहचान बना चुका है। मोदी ने देशवासियों को जो कहा वह कर दिखाया।  देश में हाल ही में लागू किया गया महिला आरक्षण बिल देश की महिलाओं के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने प्रदेशाध्यक्ष और मंचासीन वरिष्ठ नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि ऐलनाबाद के पन्ना प्रमुख सम्मेलन ने एक इतिहास रच दिया है। इस क्षेत्र में 3382 पन्ना प्रमुख, 51 शक्ति केंद्र प्रमुख, 194 बूथ अध्यक्ष, 194 बूथ पालक और 194  बीएलए वन है। आज कार्यकर्ताओं के उमड़े सैलाब से साबित हो गया है कि मिशन-2024 क्लीयर है बावजूद इसके  कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री की नीतियों और सरकार द्वारा करवाए गए जन कल्याण के कार्याे को जनजन तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख और कार्यकर्ताओं की कठिन मेहनत से आज भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बना दिया है।

इस मौके पर जिला अध्यक्ष एवं मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन आदित्य देवीलाल, जिला प्रभारी अमरपाल राणा, प्रदेश सचिव सुरेंद्र आर्या, चेयरमैन रविन्द्र लता, पूर्व जिला अध्यक्ष यतिन्द्र सिंह एडवोकेट, अमिरचंद मेहता, जसबीर सिंह चहल, निताशा सिहाग, प्रदीप रातूसरिया और मंडल अध्यक्ष तथा कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!