प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिला आरक्षण के साकार होने, जी-20 और चंद्रयान-3 की अपार सफलता से कांग्रेसियों में बौखलाहट: धनखड़

चंडीगढ़, 23 सितम्बर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान की विवादित टिप्पणी पर भाजपा ने अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उदयभान द्वारा प्रधानमंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री पर की गई विवादित टिप्पणी पर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान के बयान को निदंनीय और शर्मनाक बताया है।

भाजपा हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा है कि हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने जिस तरह की भाषा का प्रयोग देश के प्रधानमंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री के खिलाफ किया उससे कांग्रेस का चरित्र दिखता है। उन्होंने कहा है कि इस तरह की व्यक्तिगत टिप्पणी से कांग्रेस ने बार-बार यह मैसेज दिया है कि वह ना तो देश के प्रधानमंत्री पद की गरिमा के प्रति सम्मान रखती है और ना ही मुख्यमंत्री पद की गरिमा पहचानती है। श्री धनखड़ ने कहा कि भाजपा के सांसद रमेश बिधूड़ी ने दूसरे सांसद के खिलाफ टिप्पणी की तो तुरंत प्रभाव से देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उसके लिए माफी मांगी, यह भारतीय जनता पार्टी का संस्कार है। उन्होंने कहा कि क्या अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी उदयभान के बयान पर माफी मांगेंगे?

प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान को अपने ऐसे नेताओं की जुबान पर लगाम लगानी चाहिए, लेकिन बड़े दुख की बात है कि कांग्रेस का आलाकमान भी सदा विवादित टिप्पणी और मर्यादाहीन बातें करते रहा है। ऐसे में कांग्रेस नेताओं के इन बयानों की भर्त्सना पूरे देश के लोगों को करनी चाहिए, क्योंकि कांग्रेस के नेता ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पदों की गरिमा के खिलाफ अपने बयान दिए हैं।

श्री धनखड़ ने कहा कि उदयभान को इस तरह से बोलने से पहले सोचना चाहिए कि उनकी ये बातें किस स्तर तक कांग्रेस को नष्ट कर सकती है। कांग्रेस नेताओं द्वारा दिए जा रहे ऐसे बयानों से लगता है कांग्रेस अब गाली पॉलिटिक्स पर उतर आई है। कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता और राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने खुले मंच से बहन-बेटियों को गाली दी थी, इतना ही नहीं उन्होंने देवतुल्य मतदाताओं को राक्षस कहा था।

प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में महिला आरक्षण के साकार होने, जी-20 और चंद्रयान-3 की अपार सफलता से कांग्रेसियों में बौखलाहट है। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान का बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। देश और प्रदेश के सर्वाेच्च नेताओं के खिलाफ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करने से मर्यादा तार-तार हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष को तत्काल क्षमा मांगनी चाहिए।

error: Content is protected !!