पहली बार तीन सदस्यों को मिला सर्वश्रेष्ठ विधायक अवार्ड।
तीन दिन में 1076 दर्शकों ने सत्र की कार्यवाही देखी।
सदन में मर्यादा व कार्यवाही को प्रभावी बनाने के लिए अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने जताया आभार।

वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक

चंडीगढ़, 30 अगस्त : मंगलवार को संपन्न हुआ हरियाणा विधान सभा का मानसून सत्र 113.88 फीसदी उत्पादकता के साथ चौदहवीं विधान सभा के अगस्त में होने वाले सभी सत्रों से लंबा रहा। इस दौरान कुल 19 घंटे 36 मिनट कार्यवाही चली, जिसमें 89 सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान सदन ने 9 विधेयक पारित किए। विधान सभा ने चंद्रयान 3 की सफलता पर भी सरकारी प्रस्ताव पारित किया। विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने बुधवार को सेक्टर 3 स्थित एमएलए हॉस्टल में प्रेस वार्ता कर पत्रकारों के साथ सत्र संबंधी जानकारी साझा की।

25 अगस्त से शुरू होकर 29 अगस्त को संपन्न हुए मानसून सत्र के तीनों दिन प्रश्नकाल रहा। इसके लिए 60 प्रश्न कार्यवाही का हिस्सा बने, जिनमें से 31 सदस्यों के सवाल-जवाबों पर सदन में चर्चा हुई। इनमें भाजपा के 18, कांग्रेस के 7, जजपा के 3 तथा 3 निर्दलीय विधायकों के सवाल शामिल थे।

सत्र के पहले और अंतिम दिन शून्यकाल रहा, जिसमें पहले दिन 17 विधायकों ने 58 मिनट तक अपनी बात रखी। अंतिम दिन शूल्यकाल 2 घंटे 26 मिनट चला, जिसमें 43 विधायकों को बोलने का अवसर मिला। इस प्रकार शून्यकाल में कुल 60 सदस्यों ने भाग लिया, जिनमें भाजपा के 24, कांग्रेस के 24, जजपा के 7, इनेलो का एक तथा 4 निदर्लीय विधायक शामिल रहे। इस दौरान भाजपा विधायकों को एक घंटा 25 मिनट, जजपा को 23 मिनट, कांग्रेस को एक घंटा 16 मिनट, इनेलो को 4 मिनट, निर्दलीय को 16 मिनट का समय दिया गया।

मानसून के सत्र के लिए 50 ध्यानाकर्षण सूचनाएं प्राप्त हुई थीं। इनमें 16 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इसी प्रकार स्थगन प्रस्ताव के लिए 4 सूचनाएं प्राप्त हुई थीं। इनमें से 2 को ध्यानाकर्षण प्रस्तावों में तब्दील कर दिया गया, एक अस्वीकृत किया गया तथा एक टिप्पणी के लिए भेजा गया है।

एक गैर सरकारी प्रस्ताव भी आया था, जिसे अस्वीकृत कर दिया गया।

अल्प अवधि चर्चा के लिए 2 प्रस्ताव मिले थे, इन्हें ध्यानाकर्षण प्रस्तावों में परिवर्तित कर 25 और 28 अगस्त को चर्चा करवाई गई।

विधान सभा सचिवालय को एक प्राइवेट सदस्य विधेयक भी प्राप्त हुआ था, जिसे आवश्यक कार्यवाही के लिए विधि एवं विधायी विभाग के माध्यम से सरकार के पास भेज दिया गया है।

नियम 84 के तहत चर्चा के लिए भी एक प्रस्ताव आया था, जिसे अस्वीकृत कर दिया गया।

पहली बार तीन विधायकों असीम गोयल, जोगी राम सिहाग और अमित सिहाग को ‘सर्वश्रेष्ठ विधायक अवार्ड’ से नवाजा गया। इस खुशी में अम्बाला शहर से विधायक असीम गोयल ने हाई-टी पार्टी का आयोजन किया, जिससे सत्र मीठी यादों के साथ संपन्न हुआ। तीन दिन में 1076 दर्शकों ने सत्र की कार्यवाही देखी।

अमर्यादित शब्दावली पर विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि सभी सदस्यों को सदन की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए अपनी बात रखनी चाहिए। अगर कोई मामला कोर्ट में विचाराधीन है तो उस मामले में जब तक सदन के सभी सदस्य एकमत न हो तब तक सदन में चर्चा नहीं की जा सकती। नियम 212 का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी अदालत विधानसभा की कार्यवाही में हस्तक्षेप नहीं कर सकती। इसके साथ ही उन्होंने सभी मंत्रियों से अपील की उन्होंने अपने विभागों से संबंधित सभी प्रश्नों का जवाब पूरी तैयारी के साथ देना चाहिए।

  1. मानसून सत्र के दौरान पारित किए गए 9 विधेयक :
  2. हरियाणा नगरपालिका (संशोधन) विधेयक, 2023
  3. हरियाणा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2023
  4. हरियाणा नगरीय क्षेत्र विकास तथा विनियमन (द्वितीय संशोधन) विधेयक, 2023
  5. हरियाणा माल और सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2023
  6. हरियाणा वाद्य (शोर नियन्त्रण) निरसन विधेयक, 2023
  7. हरियाणा किशोर धूम्रपान निरसन विधेयक, 2023
  8. सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण विधेयक, 2023
  9. हरियाणा विनियोग (संख्या 3) विधेयक, 2023
  10. हरियाणा विनियोग (संख्या 4) विधेयक, 2023
error: Content is protected !!