नीलोखेड़ी व नारनौल विधानसभा पन्ना प्रमुख सम्मेलन में धनखड़ ने कहा – मोदी के नेतृत्व में देश कर रहा है तेजी से तरक्की
– धनखड़ ने कांग्रेस को  घेरा, बोले- ईर्ष्यालू है कांग्रेस

चंडीगढ़, 20 अगस्त। करनाल की नीलोखड़ी विधानसभा पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने सभी पन्ना प्रमुखों से अपील की है कि वे पार्टी के काम को आगे बढ़ाने के साथ-साथ लोगों के काम करवाने में भी अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि अगर किसी को बीपीएल कार्ड, परिवार पहचान पत्र, प्रॉपर्टी आईडी, पेंशन, आष्युमान कार्ड और चिरायु कार्ड बनवाने में परेशानी आ रही हो तो सभी पन्ना प्रमुख ठीक कराने में उनकी सहायता करें। उन्होंने पन्ना प्रमुखों का आह्वान किया कि सभी की सहायता करें और सभी मतदाताओं और आम लोगों से मेल-जोल बढ़ाएं और मतदाताओं का दिल जीतें।

प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने कहा कि पन्ना प्रमुख 60 वोटरों का सेवादार बनकर सेवा करें, यही भारतीय जनता पार्टी का कंसैप्ट है। हम भारत माता की हर स्तर पर सेवा करना चाहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। वसुधैव कुटुम्बकम की नीति पर चलते हुए दूसरे देशों की सहायता कर सकें इसके लिए हम भारत को मजबूत वैभवशाली और शक्तिशाली बनाना चाहते हैं। इस मौके पर उन्होंने आजादी के लिए बलिदान हुए समस्त वीरों तथा हाल ही में लेह लद्दाख में शहीद हुए वीरों को श्रद्धांजलि दी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस की नीति और नीयत पर सवाल उठाते हुए उन्हें मायावी भी बताया और कार्यकर्ताओं को इनसे सचेत रहने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि इस बात को कभी भूल मत जाना कि धारा-370 लगाई किस पार्टी ने थी और तोड़ने वाली पार्टी कौन सी है। भाजपा ने जब जम्मू-कश्मीर से 370 हटाई तो 370 लगाने वाली कांग्रेस ने हटाने का भी विरोध किया है। भगवान राम को बाबरी मस्जिद में और टैंट में बैठाने वाली भी कांग्रेस पार्टी ही है। अब भाजपा ने भगवान राम का भव्य मंदिर बनाकर न केवल अपना वादा पूरा किया बल्कि भारत की आस्था का भी सम्मान किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आजादी के आदोलन में तीन लाख 27 हजार लोगों ने बलिदान दिया। लगभग साढ़े 12 हजार सेनानियों को अंग्रेज शासकों ने कोर्ट से फांसी की सजा दिला दी थी, इनमें शहीद भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव जैसे बलिदानी शामिल हैं। रामप्रसाद बिस्मिल, राजेंद्र लाहिड़ी, ठाकुर रोशन सिंह व अशफउल्ला खां जैसे क्रांतिकारियों ने अपने जीवन का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने कहा था कि देश का विभाजन होगा तो मेरी लाश पर होगा, लोग गांधी जी पर भरोसा करते थे, लेकिन उन्हीं की पार्टी ने विभाजन स्वीकार कर लिया। दस लाख लोग मारे गए। भगत सिंह का गांव पाकिस्तान में चला गया। करतापुर साहिब पाकिस्तान में चला गया। उन्होंने कहा कि इस इतिहास को भूलना नहीं है इसे याद रखना है।

श्री धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस से ईर्ष्या थी। नेता जी ने अंडेमान निकोबार द्वीप समूह में झंडा फहराया था और उस समय उनकी सरकार को 19 देशों ने मान्यता भी दी थी। लेकिन कांग्रेस की सरकारों ने झंडे को हटा दिया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी की सरकार में फिर से झंडा लगाया गया लेकिन उसके बाद फिर हटा दिया गया जिससे यह सिद्ध होता है कि कांग्रेस को नेता जी से ईर्ष्या रही है। अब मोदी सरकार ने ऐसा झंडा लगा दिया है कि जिसे कोई सरकार नहीं हटा सकती। द्वीप का नाम ही नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर रख दिया है। इंडिया गेट पर उनकी प्रतिमा लगाई और राजपाथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ कर दिया है। भाजपा ने नेताजी को पूरा मान-सम्मान देने का काम किया है।

सांसद संजय भाटिया ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के नेतृत्व में हमारा संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने सभी पन्ना प्रमुखों से 15-15 घरों तक पहुंचकर उनकी सहायता करने का आह्वान किया। उन्होंने पन्ना प्रमुखों को बताया कि जो काम कांग्रेस की सरकारें 50 सालों में नहीं कर पाई वो ही काम मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने 9 सालों में करके दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि आप सभी घर-घर जाकर मोदी और मनोहर सरकार की उपलब्ध्यिों की जानकारी दें। इस मौके पर पूर्व विधायक भगवान दास कबीरपंथी प्रदेश महामंत्री वेदपाल एडवोकेट,  जिला प्रभारी दीपक शर्मा, जिला अध्यक्ष योगेंद्र राणा, मंडल अध्यक्ष बलबीर मराठा, प्रवीण गुप्ता, कर्मबीर शर्मा, महिपाल राणा आदि उपस्थित रहे।

कांग्रेस के पास ना संगठन और ना ही जनहित की सोच: धनखड़

उधर नारनौल में प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास ना संगठन है और ना ही जनहित की कोई सोच है। कांग्रेस एक परिवार की पार्टी बनकर रह गई है। चुनाव में एक साल से भी कम समय रह गया है और कांग्रेस अभी जिले स्तर का संगठन भी खड़ा नहीं कर पाई है, जबकि भाजपा विश्व स्तरीय पार्टी होने के साथ साथ भाजपा के पास बूथ प्रमुख से लेकर पन्ना प्रमुख तक की मजबूत समितियां हैं तथा समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख भाजपा की चुनाव रणनीति का एक मजबूत भाग है। पन्ना प्रमुख पार्टी संगठन की एक बड़ी ताकत भी है। उन्होंने सभी पन्ना प्रमुखों से 2024 में केंद्र और हरियाणा में भाजपा सरकार को पुनः स्थापित करने के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 9 साल देश की तरक्की के लिए काम किया है। कांग्रेस के जमाने में गैस के लिए सांसदों से चिट्ठी लिखवानी पड़ती थी। मनमोहन सरकार के समय गैस के लिए लंबी-लंबी लाइनों में लगना पड़ता था। मोदी सरकार में हर घर गैस पहुंच रही है, हर घर नल से जल आ रहा है यही बदला हुआ भारत है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन के समय में देश की अर्थव्यवस्था दसवें नंबर पर थी और अब मोदी के नेतृत्व में 5वें नंबर पर है। जल्द ही भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा। मोदी सरकार में देश का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हुआ है। सड़कों, हाइवे और एक्सप्रेस-वे का जाल बिछ रहा है।

भाजपा सरकार में चारों और विकास के नए आयाम स्थापित हुए: ओम प्रकाश यादव

नारनौल विधानसभा पन्ना प्रमुख सम्मेलन में हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री ओम प्रकाश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में चारों और विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही है, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में भाई-भतीजावाद, पर्ची-खर्ची के आधार पर नौकरियंा बंटती थी। प्रदेश में पानी का समान रूप से बंटवारा किया जा रहा है। महेंद्रगढ़ जिले की नहरों में भरपूर मात्रा में सिचाई का पानी पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि तीन-तीन नेशनल हाईवे नारनौल विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजर रहे हैं। बीजेपी के शासनकाल में अनेकों ऐसी योजनाएं बनाई गई जिनका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मिल रहा है।  नारनौल विधानसभा पन्ना प्रमुख सम्मेलन में सांसद धर्मबीर सिंह व पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा, विधायक अभय सिंह व पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष संतोष यादव, प्रदेश सचिव मनीष मित्तल, जिला प्रभारी अजय बंसल, जिला अध्यक्ष दयाराम यादव, प्रवक्ता सत्यव्रत शास्त्री, जिला परिषद के चेयरमैन डा. राकेश, पूर्व जिला अध्यक्ष शिव कुमार महता, चेयरमैन गोविन्द भारद्वाज, डा. सतीश खोला आदि उपस्थित रहे।  

error: Content is protected !!