-भाजपा पन्ना तक मजबूत पार्टी, कई पार्टियां नहीं बना पाई प्रदेश में संगठन-
-मुख्यमंत्री ने किया लोकसभा व विधानसभा चुनाव से पहले हजारों नौकरियां देने का ऐलान-

हिसार। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि हरियाणा सरकार ने केन्द्र सरकार की नीतियों का अनुसरण करते हुए गरीब कल्याण पर विशेष ध्यान दिया है। इसी को केन्द्र बिंदू मानकर सरकार ने नीतियां बनाई है और हमारे जनहित के ये कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वाभिमान, स्वावलंबन और सुशासन राज्य सरकार के लिए प्राथमिकता के क्षेत्र है, जिन पर लगातार कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के सभागार में भाजपा की प्रदेश स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश में भाजपा के सत्ता संभालने के बाद विकास को नई दिशा मिली है। खास बात यह है कि हिंदुओं को साम्प्रदायिक कहने वाले लोग सही रास्ते पर आ गए हैं और देश के सभी वर्गों का सम्मान हो रहा है। भाजपा सरकार ने दिखा दिया है कि अपने अधिकार किसी को छीनने नहीं देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब लोकसभा चुनाव को लगभग एक साल और विधानसभा चुनाव को लगभग डेढ़ साल का समय बचा है। ऐसे में जब समय कम बचा है तो हमें अपने काम की गति बढ़ानी पड़ेगी लेकिन इसमें नियमों की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने ऐलान किया कि सरकार जल्द ही लगभग 50 हजार नौेकरियां देगी जिससे युवा वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केन्द्र व हरियाणा में दोनों जगह भाजपा सरकार है और डबल इंजन की सरकार होने का फायदा ये है कि विकास को गति मिलती है। हरियाणा सरकार ने 12.50 लाख गरीब लोगों के राशनकार्ड बनवाए हैं, अमृत सरोवर योजना के तहत 1650 तालाब खुदवाए या सही किए लेकिन इसके साथ ही जनता को भी अपनी जिम्मेवारी निभानी पड़ेगी। इसी तरह 750 व्यायाम पार्क बनाने व एक हजार ई-लाइब्रेरी बनाने का इस वर्ष का हमारा लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणावासियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए निरोगी हरियाणा योजना बनाई गई है। इस योजना के तहत प्रथम चरण में एक करोड़ 21 लाख लोगों के निशुल्क टेस्ट किए जाएंगे, ताकि बीमारियों को शुरुआती स्टेज पर ही डिटेक्ट कर उनका उपचार किया जा सके। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के साथ-साथ केंद्र व प्रदेश सरकार ने महिला सुरक्षा की दिशा में कई कदम उठाए हैं। हरियाणा में अब 29 महिला पुलिस थाने हैं। इसी प्रकार से परिवार उत्थान जैसी योजना से वंचित वर्गों के जीवन में बदलाव आया है। परिवार पहचान पत्र सरकार का महत्वाकांक्षी अभियान है। वास्तविक लाभार्थियों तक विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हमारी सरकार ने शिक्षा के स्तर में सुधार किया है। मॉडल संस्कृति स्कूल शुरू किए गए हैं, प्राइमरी से लेकर उच्च शिक्षा तक बेहतरीन संस्थान खोले गए हैं। प्रदेश सरकार द्वारा चार हज़ार प्ले वे स्कूल खोले जाएंगे ताकि बच्चों को बुनियादी स्तर से ही अच्छी शिक्षा मिले। चिराग योजना के तहत वंचित परिवारों के बच्चों को भी निजी शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने के अवसर मिले है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति में युवाओं को रोजगार तथा संस्कार देने के साथ-साथ राष्ट्र का अच्छा नागरिक बनाने पर जोर दिया गया है। देश में समानता जरूरी है, जातियों और वर्गों का भेद किसी के लिए भी सही नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक, सबका साथ-सबका विकास का नारा दिया था, जो सार्थक हुआ है।

मुख्यमंत्री ने बैठक में उपस्थित जिला अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों एवं अन्य पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे संगठन को सशक्त बनाने में अपनी प्रमुख भूमिका निभाएं। प्रदेश के हर मंडल अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष एवं हमारे सभी समर्पित कार्यकर्ताओं की संगठन में प्रमुख भूमिका है। सभी के समर्पण और परिश्रम के बल पर 9 वर्षों का भाजपा सरकार का सफर सुगम रहा। प्रदेश की प्रगति में संगठन के योगदान से लेकर बूथ स्तर पर पार्टी के कार्यों सहित अनेक संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र व हरियाणा सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाएं। उन्होंने भाजपा को पन्ना तक मजबूत बताते हुए कहा कि दूसरी पार्टियों का तो प्रदेश स्तर का भी संगठन नहीं बना है, जिला व मंडल तो उनके लिए दूर की बात है।
बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अलावा संगठन महामंत्री रविन्द्र राजू, राई विधायक एवं प्रदेश महामंत्री मोहनलाल बड़ोली, प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल व डॉ. पवन सैनी, सभी जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, प्रदेश प्रवक्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। हिसार के गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय पहुंचने पर जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेन्द्र, वीरचक्र ने गुलदस्ता भेंट करके मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

error: Content is protected !!