टीबी मुक्त गुरुग्राम का संकल्प: रेडक्रॉस सोसायटी ने लगाया स्वास्थ्य व सघन टीबी जांच शिविर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सही जानकारी और उचित उपचार से ही संभव: रेडक्रॉस सचिव विकास कुमार

गुरुग्राम। जिला रेडक्रॉस सोसायटी गुरुग्राम की ओर से विनिर्माण क्षेत्र में कार्यरत प्रवासी मजदूरों के लिए सेक्टर-106 स्थित निर्माणाधीन स्थल पर स्वास्थ्य व सघन टीबी जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन उपाध्यक्ष श्री अंकुश मिगलानी, रेडक्रॉस हरियाणा प्रांत के महासचिव डॉ. सुनील कुमार, जिला उपायुक्त अजय कुमार, एडीसी वत्सल वशिष्ठ, सीएमओ अलका सिंह के मार्गदर्शन में तथा जिला रेडक्रॉस सचिव विकास कुमार और डिप्टी सीएमओ व जिला टीबी ऑफिसर डॉ. रंजना मल्होत्रा की देखरेख में किया गया।

शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ टीबी की जांच की गई और प्रवासी मजदूरों को टीबी के लक्षण, रोकथाम और उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। शिविर का संचालन जिला टीबी समन्वयक रोहिताश शर्मा ने किया।

जिला रेडक्रॉस सचिव विकास कुमार ने बताया कि शिविर में लगभग 450 लोगों को टीबी से संबंधित जानकारी दी गई जबकि 75 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें से 2 लोग टीबी के संभावित मरीज पाए गए, जिन्हें आगे की जांच और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

विकास कुमार ने कहा कि पौष्टिक भोजन टीबी से लड़ने की क्षमता बढ़ाता है, इसलिए सभी लोगों को संतुलित आहार अपनाना चाहिए। उन्होंने रेडक्रॉस द्वारा आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान और दिव्यांगजनों की सहायता जैसे विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे शिविर लगातार लगाए जाएंगे।

टीबी कोऑर्डिनेटर एवं पौष्टिकता सलाहकार रोहिताश शर्मा ने उपस्थित लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव, उपचार और पौष्टिक भोजन के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने लोगों को समय पर दवा लेने और लक्षण दिखने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में तत्काल जांच कराने की सलाह दी।

शिविर को सफल बनाने में सुषमा रानी, मंजू शर्मा और दीपक का विशेष सहयोग रहा। रेडक्रॉस सोसायटी और स्वास्थ्य विभाग की यह संयुक्त पहल टीबी मुक्त गुरुग्राम के लक्ष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!