चंडीगढ़ , 2 दिसम्बर – हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी से संबद्ध सैकेण्डरी/सीनियर सैकेण्डरी परीक्षा शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए अराजकीय अस्थाई मान्यता प्राप्त विद्यालय 3 दिसम्बर से 12 दिसम्बर तक सम्बद्धता आवेदन-पत्र एवं 8000 रूपये सम्बद्धता निरन्तरता शुल्क ऑनलाइन गेटवे पेंमेट के माध्यम से जमा करवा सकते हैं। जो विद्यालय किसी कारणवश निर्धारित तिथियों में आवेदन नहीं करते हैं, वे 5000 रूपये विलम्ब शुल्क सहित 13 दिसम्बर से 31 दिसम्बर, 2025 तक सम्बद्धता आवेदन-पत्र व शुल्क ऑनलाइन जमा करवा सकते हैं।
बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि सम्बद्धता शुल्क एच.डी.एफ.सी. बैंक द्वारा गेटवे पेंमेट के माध्यम से ऑनलाइन जमा करवाया जाना है। उन्होंने स्पष्ट करते हुए बताया कि गत् वर्षों सत्र 2021-22, 2022-23, 2023-24, 2024-25 का बकाया GST शुल्क एवं सत्र 2025-26 का भी सम्बद्धता निरन्तरता शुल्क व विलम्ब शुल्क (CGST@9% & SGST@9%) कुल 18 प्रतिशत GST के साथ जमा करवाया जाना है।
उन्होंनेे बताया कि सम्बद्धता आवेदन-पत्र व शुल्क बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से ऑनलाइन भरा जाना है। ऑनलाइन सम्बद्धता फार्म के अनुसार दस्तावेज अपलोड किए जाने हैं। उन्होंने आगे बताया कि किसी भी प्रकार की तकनीकी कठिनाई के लिए दूरभाष नम्बर 01664-254300 या बोर्ड कार्यालय की सम्बद्धता शाखा के दूरभाष नम्बर 01664-244171 से 176 Ext. 111 पर किसी भी कार्य-दिवस में 9:00 बजे से 5:00 बजे तक व ई-मेल asaffi@bseh.org.in पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।









