10 वर्ष से पहले बने आधार में करवाएं दस्तावेज अपडेट
विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए आधार है अनिवार्य

गुरुग्राम, 31 मई। डीसी निशांत कुमार यादव ने जिला के ऐसे नागरिकों का आह्वान किया है कि वे अपने आधार में दस्तावेज अपडेट करवाएं, जिनके आधार 10 वर्ष से अधिक समय पहले बने हुए हैं। सरकार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार विभिन्न प्रकार की सरकारी सेवाओं का लाभ उठाने के लिए आधार अनिवार्य है। ऐसे में किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए जल्द से जल्द अपने आधार में दस्तावेज अपडेट करवाएं।

डीसी ने कहा है कि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने आधार में आगामी 14 जून 2023 तक मुफ्त ऑनलाइन आधार दस्तावेज अपडेशन की सुविधा मुहैया करवाई है। इस दौरान आधार में पहचान के प्रमाण और पते के प्रमाण के ऑनलाइन अपडेशन के लिए नागरिकों को किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा। ऐसे में नागरिक खुद भी आधार पोर्टल से अपने डॉक्यूमेंट अपडेट करवा सकते हैं। इससे पहले लोगों को आधार पोर्टल पर अपने दस्तावेज को अपडेट करने के लिए 25 रुपए का भुगतान करना पड़ता था। यह सेवा केवल आधार पोर्टल पर मुफ्त है। वही आधार केंद्र पर 50 रुपए का शुल्क देना होगा।

डीसी ने कहा है कि जिलावासी अपने आधार नंबर का प्रयोग करते हुए माईआधारडॉटयूआईडीएआईडॉटजीओवीडॉटइन पर लॉगिन कर सकते हैं। उनके अधिकृत मोबाइल नंबर पर एक वन टाईम ओटीपी भेजा जाएगा। नागरिक को डॉक्यूमेंट अपडेशन पर क्लिक करना होगा, जिसके बाद उन्हें स्वयं की मौजूदा जानकारी नजर आएगी। यदि विवरण सही है तो आधार नंबर धारक को उसे सत्यापित करना आवश्यक है। उसके बाद अगले हाइपरलिंक पर क्लिक करना होगा। अगले स्क्रीन पर नागरिक को पहचान तथा पते का प्रमाण दस्तावेज ड्रॉपडाउन सूची में से चुन कर उनकी प्रतियां अपलोड करनी होगी ताकि उनके दस्तावेज अपडेट की प्रक्रिया पूरी हो सके। स्वीकार्य दस्तावेजोंं की सूची यूआईडीएआई की आधिकारिक वैबसाइट पर उपलब्ध है।
डीसी निशांत कुमार यादव ने कहा है कि यदि जनसांख्यिकीय विवरण जैसे-नाम, जन्मतिथि व पता आदि में बदलाव की आवश्यकता है तो नागरिक ऑनलाइन अपडेट सेवा का इस्तेमाल कर सकते हैं या अपने नजदीकी आधार सेवा केंद्र जा सकते हैं। ऐसे मामलों में सामान्य शुल्क लगेगा। ऐसे सभी नागरिक अपने आधार में दस्तावेज अवश्य अपडेट करवाएं, जिनके आधार 10 साल पहले बने थे। नागरिक माईआधार पोर्टल पर जाकर यूआईडीएआई द्वारा चलाई गई 14 जून 2023 तक इस मुफ्त सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

error: Content is protected !!