शमा टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों से रूबरू हुए जजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष

गुरुग्राम, 19 मई:  जननायक जनता पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष श्योचंद यादव शिकोहपुर ने कहा कि गुरुग्राम में पार्टी का मजबूत संगठन खड़ा किया जाएगा तथा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से विचार विमर्श के बाद जल्द ही जिला कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी। जजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने ये बात शुक्रवार को गुरुग्राम स्थित शमा टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में पत्रकारों से रूबरू होते हुए कही। इस मौके पर उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला तथा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह सहित सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।

श्योचंद यादव ने कहा कि वे गुरुग्राम में पार्टी के जनाधार को बढ़ाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि नई जिला कार्यकारिणी में 36 बिरादरी को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि  पूर्व जिलाध्यक्ष रिशीराज राणा ने पार्टी को जो पहचान दी थी, उसी को आगे बढ़ाते हुए उनके सहयोग और मार्गदर्शन में जजपा की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी गुरुग्राम और मानेसर नगर निगम चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करते हुए जजपा निश्चित जीत दर्ज करेगी।

जिले में जजपा नेताओं के आपसी मतभेद को लेकर पूछे गए सवाल पर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी में कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि बतौर जिलाध्यक्ष वे सबको साथ लेकर चलेंगे। हमारा लक्ष्य गुरुग्राम में जजपा को मजबूत करना है, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं का सहयोग लिया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ जजपा नेता सुरेंद्र मक्कड़, हरिराम थानेदार, सत्य प्रकाश उर्फ लल्लू प्रधान टीकली, अशोक यादव चंदू आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।