-सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों का रखा ब्यौरा
-सफाई कर्मचारियों के हित में निर्णय लेने का नवीन गोयल ने किया आग्रह

गुरुग्राम। गुरुग्राम नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की मांगों को अधिकारियों तक पहुंचाकर उनका समाधान कराने के लिए गुरुवार को सफाई कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल नवीन गोयल के नेतृत्व में संयुक्त आयुक्त नरेश कुमार से मिला। काफी देर तक कर्मचारियों के मुद्दों पर बातचीत हुई।

संयुक्त आयुक्त नरेश कुमार के समक्ष अखिल भारतीय सफाई कर्मचारी कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष गौरव टांक ने कहा कि पांच-पांच साल से सफाई कर्मचारी निष्ठा से काम कर रहे हैं। ठेकेदार के माध्यम से वे काम करते आ रहे थे। मार्च माह में उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई। 31 जनवरी को उनका टेंडर खत्म हो गया था। उन्हें 7 मार्च 2023 तक काम करने के लिए दो महीने का एक्सटेंशन दिया गया। गौरव टांक ने कहा कि सरकार की ओर से वर्क आउट सोर्सिंग पॉलिसी लागू की गई है। इस पॉलिसी के टेंडर को खत्म किया जाना चाहिए। मेन पावर से ही टेंडर निकाले जाएं या फिर हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत उनकी भर्ती की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि 5-5 साल से सफाई करते आ रहे कर्मचारियों को सरकार को पक्का करना चाहिए। इस अवसर पर कौशल, राकेश सारसर, राजकुमार, मनोज, अंकित ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के साथ ऐसे तो अन्याय हो जाएगा। उन्हें रोजगार मुहैया कराना चाहिए।

नवीन गोयल ने भी संयुक्त आयुक्त नरेश कुमार से आग्रह किया कि नियमों के मुताबिक सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा करने के प्रयास किए जाएं। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों का रोजगार बना रहे, इस पर वे मुख्यमंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य डा. सुधा यादव, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, हरियाणा के स्थानीय निकाय मंत्री डा. कमल गुप्ता तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मनोहर सरकार रोजगार उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी के अलावा निजि क्षेत्र में भी रोजगार को लेकर सरकार लगातार काम कर रही है। हरियाणा के युवाओं को खूब रोजगार मिल रहे हैं।

error: Content is protected !!