छोटे-छोटे कार्यालयों में बैठकर देखे गए बड़े सपने आज हो रहे हैं साकार: ओम प्रकाश धनखड़
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने ’’यमुना कमल’’ कार्यालय का किया लोकार्पण

चंडीगढ़, 22 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि पहले हमारे कार्यालय छोटे थे और सपने बड़े थे। हमने उन छोटे-छोटे कार्यालयों में बैठकर भव्य राम मंदिर और जम्मू कश्मीर से धारा-370 हटाने का सपना देखा जो आज पूरा हुआ है। हमने भारत को परमाणु राष्ट्र संपन्न होने का सपना देखा जो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में पूरा हुआ। अपने कार्यालय में बैठकर अमृतकाल का बड़ा सपना पीएम मोदी ने दिया। आज भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो रहा है। ये बातें श्री धनखड़ ने शनिवार को जिला यमुनानगर, जगाधरी में हुडा सेक्टर-17, प्लॉट नंबर 1पी में नवनिर्मित जिला कार्यालय ‘‘यमुना कमल’’ के लोकार्पण अवसर पर कही। इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने यमुनानगर में शक्ति केंद्र प्रमुखों की बैठक ली और कार्यकर्ताओं से विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर संवाद किया एवं आगामी कार्य योजना को लेकर दिशा निर्देश भी दिए।

ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि भारत मेक्रो और माइक्रो दोनों लेवल पर मजबूत हो रहा है। आज पन्ने-पन्ने पर भाजपा का कार्यकर्ता है, लेकिन हम यहां रूकंेंगे नहीं। हम संगठन को आगे लेकर जाएंगे। आज केंद्र और राज्य सरकार के हम सहयोगी बन जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो सपना अमृतकाल का दिया है उसे पूरा कर रहे हैं। आज बदलता हुआ भारत है। जहां सड़कें अच्छी हैं, हम मोबाइल बना रहे हैं, दवाईयां बना रहे हैं, अपनी जहाजें बना रहे हैं, हर क्षेत्र में हम आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज जन-जन को लाभकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। आज एक भी घर ऐसा नहीं है जहां शौचालय ना हो, हर घर में नल से जल पहुंच रहा है। दो-दो वैक्सीन सभी को लगी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमने अंत्योदय का सपना देखा जो आज भाजपा की सरकार में पूरा हो रहा है जिसका हमें गर्व है। हमने एक लंबी गुलामी में बहुत कुछ सहा, वो अच्छे दिन नहीं थे। जलियावाला बाग में नरसंहार, चंद्रशेखर आजाद को गालियों से भूना गया। भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरू को फांसी पर लटका दिया गया। सुभाष चंद्र बोस जैसे नायक वापस अपने वतन नहीं लौट सके, लेकिन आज का भारत गौरवशाली भारत है। हमारे आजादी के नायकों ने जो सपने देखे थे उसे आज हम पूरा होते देख रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार तरक्की कर रहा हैं। भारत आज दुनिया की पांचवी अर्थव्यवस्था है। जल्द ही हम जापान को पछाड़ कर उससे आगे बढ़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत मजबूत हो रहा है, हम पर जो अटैक करता है उसे हम घर में घुसकर मार रहे हैं। मैकमोहन लाइन के बारे में बोलते हुए श्री धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस के समय में कहा जाता था कि 25-25 किलोमीटर तक सीमा रेखा का पता नहीं चलता। लेकिन आज हमें एक-एक इंच तक का पता चलता है। सरकार ने चीन बार्डर तक सड़कों का जाल बिछा दिया है, एयरपोर्ट बना दिए है, यही बदलता और मजबूत होता भारत है।

प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने कहा कि पाकिस्तान में रोटिया तक का अकाल पड़ रहा हैं श्रीलंका जैसा देश की अर्थव्यवस्था डांवाडोल हो गई। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री को रोते हुए इस्तीफा देते हुए हमने देखा है। लेकिन भारत पीएम मोदी के नेतृत्व में लगातार तरक्ककी कर रहा है। इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हो रहा है यह सभी सपने हमनें छोटे-छोटे कार्यालय में बैठकर देखे थे। श्री धनखड़ ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता सेवा ही संगठन के मूलमंत्र को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार और प्रशासन का सहयोगी बनकर काम कर रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारा लीडरशिप का समय है। दुनिया बदलते और मजबूत होते भारत की ओर देख रही है। भारत जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है। दुनिया देशा में हमारे सीईओ हैं यही भारत का सामर्थ्य है। भारत दुनिया को एक परिवार मानता है, जबकि दुनिया के लिए इसे व्यापार के रूप में देखती है। इस सामर्थ्य को अमृतकाल में उंचाईयों तक लेकर जाना है। इस मौके पर उन्होंने यमुना कमल कार्यालय की तारीफ की और यमुनागर के कार्यकर्ताओं की टीम की पीठ भी थपथपाई। उन्होंने कहा कि यमुनानगर के कार्यकर्ताओं ने जो काम किया है वह दूसरे जिलों के कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक का काम करेगा, इसके लिए सभी कार्यकर्ता अभिनंदन के पात्र हैं।

कार्यकर्ताओं के लिए व्यक्तित्व विकास का केंद्र होते हैं कार्यालय: रविन्द्र राजू

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री रविन्द्र राजू ने कहा कि कार्यालय सेवा और संस्कार के साथ-साथ कार्यालय कार्यकर्त्ता के लिए व्यक्तित्व विकास का केंद्र होते हैं। भाजपा का यह कार्यालय संगठन की तरह पारिवारिक आत्मीयता से पूर्ण होगा। कार्यालय कार्यकर्त्ता को सकारात्मक ऊर्जा देता है, व्यवहार सिखाता है और जीवन की दिशा देता है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता का लक्ष्य देश सेवा सर्वप्रथम है। संगठन महामंत्री ने कहा कि हमारे ओजस्वी और तेजस्वी कार्यकर्ताओं के कारण पार्टी इस मुक़ाम पर पहुँची है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को कार्यकर्ताओं के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करने में कार्यालय की अहम भूमिका रहेगी।

यमुना कमल से कार्यकर्ताओं को मिलेगी राजनीति की शिक्षा: शिक्षा मंत्री

हरियाणा के स्कूल शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने यमुना कमल के उद्घाटन अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ और संगठन मंत्री रविन्द्र राजू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यमुना कमल के नाम से जो राजनैतिक विश्वविद्यालय का आज उद्घाटन हुआ है उससे भाजपा कार्यकर्ताओं को राजनीति की शिक्षा मिलेगी। कार्यालय से कार्यकर्त्ता कमल लेकर जाएगा और कमल खिलाकर देश और प्रदेश में कमल के प्रचार और प्रसार का कार्य करेगा। भाजपा जिला प्रभारी धूमन किरमिच ने भी कार्यकर्ताओ को संबोधित किया। इस मौके पर विधायक घनश्यामदास अरोड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, नगर निगम मेयर मदन चौहान, चेयरपर्सन रोजी मलिक आनंद, भाजपा जिला महामंत्री सुरेंद्र बनकट, जिला महामंत्री कृष्ण सिंगला, भाजपा जिला मीडिया प्रमुख कपिल मनीष गर्ग, पूर्व चेयरमैन रामनिवास गर्ग, पूर्व चेयरमैन रामेश्वर चौहान, भाजपा के पार्षद गण, जिला व प्रदेश पदाधिकारी, मण्डल अध्यक्ष, मोर्चों के जिला अध्यक्ष, महामंत्री सहित सैंकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहें।

शक्ति केंद्र प्रमुखों की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने दिया जीत का मंत्र

देश और प्रदेश के विकास के लिए तीसरी बार मोदी-मनोहर सरकार बननी जरूरी: धनखड़

यमुना कमल कार्यालय के उद्घाटन से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने यमुनानगर में शक्ति केंद प्रमुखों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने बूथों को जीतने की रणनीति, पन्ना समिति बनाने तथा बूथ मैनेजमेंट पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण इकाई भाजपा के शक्ति केन्द्र प्रमुख हैं। मिशन 2024 को फतह करने के लिए शक्ति केन्द्र प्रमुख की अहम भूमिका है जिसके वे अभी से जुट जाएं। आप लोगों को वोटर लिस्ट के प्रत्येक पन्ने पर अंकित वोटों की पहचान करनी है, प्रत्येक पन्ने पर पन्ना समिति बनानी है। प्रत्येक पन्ना समिति में कम से कम 3-4 सदस्य बनाने होंगे। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को भाजपा की नीतियों और संगठन की नीतियों से अवगत कराना है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवादी सोच रखने वाली पार्टी है। भाजपा के शक्ति केंद्र प्रमुख, त्रिदेव, पन्ना प्रमुख, मंडल कार्यकारिणी सदस्य, जिला कार्यकारिणी सदस्य, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सभी अभी से तैयारियों में जुट जाएं और भाजपा को विजयी बनाने में पूरी मेहनत से कार्य करें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आयुष्मान कार्ड, चिरायु कार्ड, परिवार पहचान पत्र, बुढ़ापा पेंशन योजना, बीपीएल राशन कार्ड, निशुल्क कोविड वैक्सीन देकर ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है जो आज तक किसी भी पिछली सरकार ने नहीं किया। आगामी लोकसभा चुनाव में 1 साल से भी कम का समय रह गया है, इसलिए कार्यकर्ता पूरी तैयारी में लग जाएं। धनखड़ ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश लगातार तरक्की कर रहा है। दुनिया के देशों में भारत की साख बढ़ी है। प्रदेश और देश के हित के लिए तीसरी बार भी मोदी और मनोहर सरकार बननी जरूर है।

error: Content is protected !!