भारत सारथी

गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : नगर निगम वार्ड 3 के अंतर्गत आने वाला गांव मुल्लाहेड़ा इन दिनों अपनी खस्ता हालत पर आंसू बहा रहा है। गत दिनों हुई बारिश से गलियों में जगह-जगह पानी जमा खड़ा हुआ है। सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं। गलियों में भरा सीवर का गंदा पानी जिनमें मक्खी मच्छर पनप रहे हैं जो बीमारियों को न्योता दे रहे हैं। ग्रामीण बबलू, नरेंद्र ,अशोक, मनोज यादव, जगदीश व सुबे सिंह ने गांव की गलियां दिखाते हुए बताया कि कहने को तो गांव में नगर निगम पार्षद ने करोड़ों के विकास कार्य कराने के दावे करते रहते हैं। लेकिन इन गलियों को देखने से ऐसे नहीं लगता कि एक भी पैसे इन गलियों में विकास के नाम पर खर्च किया गया हो। गांव के पश्चिम की तरफ सेक्टर 22 लगती गली में काफी समय से सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं गंदा पानी गलियों में बह रहा है जिससे स्कूली बच्चों को भी स्कूलों में आने जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बीमारियां घर-घर दस्तक दे रहे हैं।

वही ऐसी हालत गांव की अन्य गलियों की भी बनी हुई है। निगम अधिकारियों की लापरवाही से गंदा पानी भरा हुआ है जिसमें मक्खी मच्छर पनप रहे हैं जो बीमारियों को न्योता दे रहे हैं। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए साफ सफाई के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। वहीं मूलभूत सुविधाओं के लिए क्षेत्रवासी दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। जिसके बारे में कुछ ही समय पहले क्षेत्रवासी एक स्थानीय बीजेपी नेता के साथ केंद्रीय मंत्री से भी गुहार लगा कर आए थे। वहीं आए दिन क्षेत्र के जागरूक नागरिक प्रदेश के मुख्यमंत्री हेल्थ मिनिस्टर स्थानीय निकाय मनिस्टर उपायुक्त महोदय सहित आला प्रशासनिक अधिकारी व नेता गण को भी ट्विटर करके क्षेत्र की खस्ता हालत दिखाते रहते हैं । फिर भी निगम अधिकारियों के सर पर जूं तक नहीं रेंग रही है जिसके कारण जहां प्रदेश सरकार की छवि खराब हो रही है। वहीं लोगों में क्षेत्र के पार्षद व निगम अधिकारियों के प्रति भी दिनों दिन गहरा रोष पनपता जा रहा है। क्योंकि गांव की हालत दयनीय बनी हुई है। जब इस बारे में निगम अधिकारियों से बात करनी चाही तो किसी ने फोन ही नहीं उठाया जिससे उनका पक्ष नहीं लिखा जा सका। वहीं ग्रामीणों की दबी जबान में बताया कि पार्षद वार्ड 3 की बजाय 5 से चुनाव लड़ाना चाह रहा है इसलिए गांव की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। भ्रष्ट निगम अधिकारी उसके कहने पर चल रहे हैं।

error: Content is protected !!