इनेलो पार्टी को एक बड़ी सफलता मिली जब धर्मवीर गामडिय़ा ने कांग्रेस को अलविदा कह इनेलो ज्वाइन की
किसानों की आय दोगुनी होना तो दूर, फसल की कीमत ही कम हो गई है : अभय सिंह चौटाला
मंहगाई बढ़ गई है, भ्रष्टाचार बढ़ गया है, कानून व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो गई है
भाजपा सरकार ने बुजुर्गों की पेंशन व गरीबों के पीले कार्ड काटकर उनका अपमान किया है और ये लोग भाजपा को कतई माफ करने वाले नहीं हैं

रेवाड़ी, 26 मार्च: परिवर्तन यात्रा के 29वें दिन इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने रेवाड़ी के कोसली हलके के गांव झाडोदा से हुंकार भरी। इस दौरान इनेलो पार्टी को एक बड़ी सफलता मिली जब धर्मवीर गामडिय़ा ने कांग्रेस को अलविदा कह इनेलो ज्वाईन की। धर्मवीर गामडिय़ा कुछ रोज़ पहले कांग्रेस में चले गये थे। इनेलो में घर वापसी पर धर्मवीर ने कहा कि कांग्रेस में जाना उनकी बड़ी भूल थी अब वो तन मन से अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में इनेलो पार्टी में काम करेंगे। अभय सिंह चौटाला ने भी गर्मजोशी से धर्मवीर का स्वागत किया।

अभय सिंह चौटाला ने  गांव में परिवर्तन यात्रा के पहुंचने पर जोरदार स्वागत के लिए समस्त ग्रामीणों का आभार प्रकट किया। इसके बाद भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए अभय चौटाला ने कहा कि आज 8 वर्ष हो गए भाजपा का राज बने हुए। 3 वर्ष से प्रदेश में भाजपा- जजपा गठबंधन की सरकार है। 8 साल में हमें किन हालात से गुजरना पड़ा, इसका जिक्र करूंगा तो बहुत लंबा समय लग जाएगा। इन 3 सालों की बात करें तो भाजपा-जजपा की सरकार ने कोई काम नहीं किया। तीन साल पहले देश के प्रधानमंंत्री ने वायदा किया था कि अगर किसान मेरी पार्टी को वोट डालेगा, मुझे देश की बागडोर सौंपेगा तो वे 2022 तक फसल की आय दोगुनी कर देंगे, किसानों को मालामाल कर देंगे। अभय चौटाला ने कहा कि 2022 तो चला गया, उन्होंने किसानों से सवाल किया क्या उनकी आय दोगुनी हुई या नहीं? इस पर किसानों ने एकस्वर में जवाब दिया कि बिलकुल नहीं।

चौटाला ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी होना तो दूर, फसल की कीमत ही कम हो गई है। भाजपा राज में किसानों पर कर्जा बढ़ गया है। कर्जा जरूर तीन गुणा हो गया है। मंहगाई बढ़ गई है। भ्रष्टाचार बढ़ गया है। कानून व्यवस्था खत्म हो गई है। पढ़े लिखे लोगों के पास रोजगार नहीं हैं। इनेलो प्रधान महासचिव ने कहा कि भाजपा के शासन में किसी तरह का कोई विकास नहीं हुआ। असली विकास पुरूष तो चौ. देवीलाल और चौ. ओमप्रकाश चौटाला थे, जिन्होंने मुख्यमंत्री रहते प्रदेश की उन्नति व खुशहाली के लिए बिना किसी भेदभाव के काम किए। अभय चौटाला ने झाडोदा के ग्रामीणों से कहा कि उनके गांव में जो बिजलीघर व अस्पताल है, वह चौटाला साहब की देन हैं। गांव के स्कूल अपग्रेड करने से लेकर सडक़ें तक सारे काम इनेलो शासन में ही हुए हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार झूठे वायदे कर लोगों को बरगलाने का काम कर रही है।

  अभय चौटाला ने कहा कि हमने लोगों से जो वायदा किया, उसे हर हाल में पूरा किया है। चौ. देवीलाल ने बुढ़ापा पेंशन शुरू करने, 10 हजार के कर्जे माफ करने व गरीब परिवार की लडक़ी की शादी में 5100 रूपए कन्यादान देने के तीन वायदे किए थे और इन तीनों वायदों को सरकार बनते ही पहली कलम से पूरा किया। अभय चौटाला ने कहा कि हम जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं। जबकि भाजपा की कथनी व करनी एक नहीं हैं। भाजपा कहती कुछ है और करती कुछ है। अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने बुजुर्गों की पेंशन व गरीबों के पीले कार्ड काटकर उनका अपमान किया है और ये लोग भाजपा को कतई माफ करने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इनेलो सरकार बनने पर नए सिरे से काटी गई पेंशन को ब्याज सहित लौटाया जाएगा और हर माह बुजुर्गों को 7500 रूपए पेंशन दी जाएगी। इनेलो नेता ने कहा कि मुफ्त सिलेंडर देने की बात करने वाली भाजपा के राज में 400 वाला सिलेंडर 1200 रूपए का हो गया है। महिलाओं के मान सम्मान को ध्यान में रखते हुए इनेलो सरकार आने पर महिला को 1100 रूपए प्रतिमाह सम्मान भत्ता दिया जाएगा। अभय चौटाला ने उपस्थित युवाओं से कहा कि उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं। वे परिवर्तन लाने में अपनी भूमिका निभाएं। इनेलो के सत्ता में आने पर हर घर से योग्य युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। जो इससे वंचित रह गया, उसे भी मायूस नहीं होना पड़ेगा। सरकार ऐसे युवाओं को प्रतिमाह 21 हजार रूपए भत्ता देकर उनका मान सम्मान बढ़ाने का काम करेगी। उन्होंने सभी का आह्वान किया कि वे भाजपा के कुशासन के खिलाफ एकजुट होकर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन लाने में अपनी महत्ती भूमिका अदा करें।

error: Content is protected !!