भाजपा ने शक्ति केंद्र संगम में 2024 चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में फूंकी शक्ति

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने योजनाओं को घर-घर ले जाने के लिए कहा, तो अध्यक्ष ओपी धनखड़ ने आगे की रणनीति बैठक में रखी
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सह संगठन मंत्री व प्रभारी ने भी कार्यकर्ताओं को किया मोटिवेट

चंडीगढ़, 19 मार्च। भाजपा ने पानीपत जिलेे के पट्टी कल्याण स्थित सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र में शक्ति केंद्र संगम करके 2024 के चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में शक्ति फूंकी। प्रथम सत्र में सीएम मनोहर लाल ने जहां प्रदेश के विकास कार्यों और योजनाओं को कार्यकर्ताओं के सामने रखते हुए उन्हें घर-घर तक पहुंचाने के लिए कमर कसने की बात कही, तो प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने पार्टी की आगामी नीतियों एवं योजनाओं को बैठक में सभी के सामने रखा। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह और राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश ने संगठनात्मक विषयों को समझाया। प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब ने प्रधानमंत्री के मन की बात को हर बूथ पर सुने जाने के विषय पर चर्चा की। जबकि अंतिम सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगामी दिनों में कार्यकर्ताओं को कैसे आगे बढ़ना है इस पर खुलकर बात की।  उपस्थित लगभग 3000 आमंत्रित कार्यकर्ताओं को तकनीकी रूप से भी दक्ष और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

आज की इस कार्यशाला में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, राव इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव, कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा, कंवरपाल गुर्जर, बनवारी लाल, सांसद संजय भाटिया, कृष्णलाल पंवार, रमेश कौशिक, पूर्व सांसद रतन लाल कटारिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, संगठन मंत्री रविन्द्र राजू, प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बडौली, वेदपाल एडवोकेट, पवन सैनी सहित अनेक नेता भी मंच भी रहे।

बैठक का पहला सत्र समाप्त होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने पत्रकारों के सामने बैठक के विषयों को रखा। उन्होंने बताया कि रविवार को  शक्ति केंद्र प्रमुखों केे इस संगम में 6 लोकसभा, 14 जिलों, 181 मंडलों के 2715 शक्ति केद्र प्रमुख व अन्य आमंत्रित कार्यकर्ता मौजूद रहे। श्री धनखड़ ने बताया कि संगम में तय किया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 99वां एपीसोड 26 मार्च को 7800 स्थानों पर सुना जाएगा। 100वां एपीसोड 30 अप्रैल को 19786 बूथों पर सुनने का कार्यक्रम तय कर लिया गया है। मन की बात सुनने के बाद एक घंटा लाभार्थियों से संपर्क किया जाएगा तथा उनसे फीडबैक लिये जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि मन की बात का पूरा कार्यक्रम का डाटा अपलोड भी किया जाएगा।

लाभार्थी संपर्क कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए श्री धनखड़ ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता पीएम मोदी की मन की बात सुनने के बाद 10 परिवारों से संपर्क करेगा। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं को 78000 फार्म दिए जाएंगे। लाभार्थी संपर्क के दौरान कार्यकर्ता उनसे कुछ सवाल पूछेंगे उसके बाद पूरा डाटा अपलोड कर दिया जाएगा। श्री धनखड़ ने बताया कि आज का मंथन कार्यकर्ताओं को मोटिवेशन के लिए रखा गया था। 6 अप्रैल को कार्यकर्ता 5 लाख घरों पर पार्टी का ध्वज फहरायेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मंच पर पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने उनको दिन में चली पूरी बैठक की जानकारी दी। धनखड़ ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को विश्वास दिलाया कि कार्यकर्ताओं की शक्ति और उत्साह के दम पर हम इस बार भी हरियाणा की दस की दस लोकसभा सीटें माननीय मोदी जी की झोली में डालेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में लगातार उत्साह बना हुआ है और वे समर्पण भाव से कार्य कर रहे हैं। पन्ना प्रमुख बनाने की जिम्मेदारी जिन-जिन पदाधिकारियों को सौंपी गई थी उन्होंने पूरी ईमानदारी से अपने-अपने क्षेत्र में काम करते हुए पन्ना प्रमुख बना लिए हैं और 6 अप्रैल 4 लाख पन्ना प्रमुखों सहित लगभग पांच कार्यकर्ताओं के घर पर पार्टी का झंडा लहराया जायेगा। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र संगम में उपस्थित लगभग 3 हजार कार्यकर्ताओं को झंडे देकर भेजा जायेगा।

‘‘मेरे बूथ का पन्ना प्रमुख’’ गीत पर झूमे कार्यकर्ता

आज भाजपा की तरफ से शक्ति केंद्र संगम में एक गीत लांच किया गया और इसें सत्र के शुरूआत में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में चलाया गया। प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के कहने पर जैसे ही ‘‘मेरे बूथ का पन्ना प्रमुख’’ गीत हॉल में बजा तो सामने बैठे 3000 कार्यकर्ता झूठ उठे। इस गीत को अब पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच लेकर जाएगी जो विशेषकर कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है।

वर्षों पुरानी समस्याओं को पीएम मोदी ने चुटकियों में हल किया: मुख्यमंत्री मनोहर लाल

संगम की शुरूआत में माइक मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संभाला और उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों की चुनौतियों के लिए तैयार होने के लिए कहा। उन्होंने सरकार की तमाम योजनाएं गिनाते हुए कहा कि सरकार की एक-एक योजनाएं और किए गए काम जो जनता के बीच कार्यकर्ताओं को लेकर जाना चाहिए। यहां उन्होंने विपक्षी पार्टियों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा विपक्ष स्वार्थ की राजनीति करते हैं, उनके लिए मेरा घर, मेरा परिवार पहले है, जबकि भाजपा के लिए देश सर्वप्रथम है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धारा-370 हटाने और राम मंदिर निर्माण की देश की पुरानी मांग को चुटकियों में हल कर दिया, जबकि कांग्रेस 370 को यह कहकर टालती रही कि यह तो हटाई नहीं जा सकती।  सीएम ने कहा कि हमने सरकार बनाने के बाद बिना किसी भय के नए प्रयोग किए जोकि सफल रहे। हमने पढ़ी लिखी पंचायत दी जिसकी प्रशंसा अब पूरे देश में हो रही है। ऑन लाइन ट्रांसफर पॉलिसी बनाकर कर्मचारियों को नेताओं के चक्कर काटने से राहत दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा मुख्य फोकस व्यवस्था परिवर्तन पर रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आज गरीब परिवारों के 70 प्रतिशत बच्चों को सरकारी नौकरी मिल रही है। क्योंकि सरकार ने उन्हें 5 प्रतिशत ग्रेस दिया। हमारी सरकार अंत्योदय की भावना से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने ई-टेंडरिंग को लेकर भी बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि ई-टेंडरिंग से पारदर्शिता से काम होंगे और इसका सीधा फायदा जनता को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि हमने 12 लाख नए लोगों के कार्ड बनाए जिसका फायदा उनको मिल रहा है। परिवार पहचान पत्र के बारे में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का लाभ समाज के हर तबके को मिल रहा है। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि निवेश के मामले में हरियाणा निवेशकों को पसंद आ रहा है। खासकर उन्होंने गुरुग्राम का जिक्र किया और कहा कि गुरुग्राम आईकॉन सिटी के रूप में विकसित हो रहा है जो निवेशकों की पहली पसंद है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे केंद्र और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर घर-घर तक जाएं और लोगों को उनका लाभ मिले इसके लिए माध्यम बनें। सीएम ने कहा कि आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं के बल पर ही हमने आगे की जीत सुनिश्चित करनी है।

व्यवस्था परिवर्तन में पांच साल का समय पर्याप्त नहीं: शिव प्रकाश

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश ने बूथ सशक्तिकरण पर अपना फोकस रखा। उन्होंने कहा कि हमारा बूथ मजबूत होगा तो हमें कोई चुनाव में हरा नहीं सकता। उन्होंने कहा कि पांच साल का समय किसी भी सरकार के लिए काफी होता है। इस समय में काफी योजनाओं को पूरा किया जा सकता है। लेकिन अगर बात व्यवस्था परिवर्तन की हो तो यह समय पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने बताया कि हमें लंबे समय तक भाजपा को सत्ता में बनाए रखना है तभी देश विकसित और मजबूत होगा।

कांग्रेस खुद में सिमट कर रह गई है: बिप्लब देब

हरियाणा प्रदेश प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब कुमार ने कहा कि कांग्रेस की इतनी दुर्गति होगी यह कभी हमने सोचा भी नहीं था। आज कांग्रेस खुद में सिमट कर रह गई है। परिवार से बाहर नहीं निकाल पा रही है। कांग्रेस का देश व प्रदेश के हितों से कोई मतलब नहीं रह गया है। इसलिए अब भाजपा के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी दोहरी हो गई है। भाजपा के कार्यकर्ताओं को विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों की जिम्मेदारी निभानी है।

श्री देब ने बताया कि आज के शक्ति केंद्र संगम में पार्टी ने 6 अप्रैल तक 4 लाख पन्ना प्रमुख बनाने का टारगेट रखा है। बिप्लब देब ने कहा कि भाजपा की सरकार में युवाओं को मैरिट के आधार पर नौकरियां दी गई है। उन्होंने कहा कि मनोहर सरकार ने 8 साल में 1 लाख से ज्यादा नौकरियां दी और अभी लगभग 65 हजार नौकरियां देने की सीएम ने घोषणा की है। जबकि कांग्रेस ने अपने दस साल के शासनकाल में मात्र 86 हजार ही नौकरियां दी थी। उन्होंने कहा कि हम भी चाहते हैं कि लोकतांत्रिक प्रणाली में विपक्ष मजबूत हो, लेकिन विपक्ष अपने आप में ही उलझा हुआ है। इसलिए हमारे कार्यकर्ताओं का दायित्व बढ़ गया है। इस प्रेसवार्ता में मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा, सह मीडिया प्रमुख अरविंद सैनी, संजय आहुजा, जिला मीडिया प्रमुख ईश कुमार राणा उपस्थित रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!