जिला महेंद्रगढ़ प्रदेश में पोषण अभियान में दूसरे स्थान पर
मुख्यमंत्री ने डीसी डा. जयकृष्ण आभीर को सौंपा एक लाख का चैक

भारत सारथी/ कौशिक 

नारनौल । जिला महेंद्रगढ़ को आज पोषण अभियान में एक बार दोबारा से प्रदेश में दूसरा स्थान मिला। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को करनाल की अनाज मंडी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ जयकृष्ण आभीर को अवार्ड के तौर पर एक लाख रुपए का चैक सौंपा। यह पैसा जिला के बच्चों का पोषण स्तर सुधारने में प्रयोग होगा। इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी संगीता यादव भी मौजूद थी।

8 मार्च को होली का त्यौहार होने के कारण यह कार्यक्रम आज आयोजित किया गया था। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्य की कई अन्य महिलाओं को भी विभिन्न क्षेत्रों में श्रेष्ठता अर्जित करने पर अवार्ड दिए गए। ऋचा गर्ग को महिला उद्यमी अवार्ड, डा. निकिता शर्मा को सामाजिक कार्यकर्ता अवार्ड, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संतोष को आंगनबाड़ी वर्कर अवार्ड व वंदना को कल्पना चावला शौर्य अवार्ड देकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि हर सफल व्यक्ति के पीछे एक महिला का सहयोग होता है। आज मैं भी अपनी माता के सहयोग से ही इस भूमिका में खड़ा हूं। उन्होंने कहा कि आज किसी भी क्षेत्र में महिलाएं पुरुषों से कम नहीं है।

उपायुक्त डा. जयकृष्ण आभीर ने बताया कि सरकार के दिशा निर्देशानुसार जिला में महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित कर पोषण के बारे में जागरूक किया जाता रहता है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों व गर्भवती महिलाओं की जांच कर आयरन की गोली व टीके लगाए जाते हैं। जिला में महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से चलाई जा रही सभी योजनाओं का अच्छी तरह से संचालन हो रहा है। योजनाओं के सही संचालन व जागरूकता के कारण ही जिला पोषण अभियान में एक बार फिर दूसरे स्थान पर रहा है।

– अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर अटेली की रीचा गर्ग को मिला युवा महिला उद्यमी का अवार्ड

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने  करनाल की अनाज मंडी में  आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अटेली मंडी की रहने वाली रीचा गर्ग को युवा महिला उद्यमी का अवार्ड देकर सम्मानित किया। अटेली मंडी की रहने वाली रीचा गर्ग हैंडमेड ज्वैलरी आइटम बनाती है। उनके हस्तकला की दिवानगी विदेशों में भी छाई हुई है। उनके पास कई देशों से ऑनलाइन ऑर्डर आते हैं। वे हैंड मेड ज्वेलरी व होम डेकोर के प्रोडक्ट भारतीय फेस्टिवल से संबंधित हस्तशिल्प के उत्पाद बनाती है। इसके अलावा वे भारतीय त्योहार से संबंधित उत्पाद जैसे दिवाली की सजावट, होली से संबंधित, शादी के तोहफे, घर की सजावट, राखी, गणपति और जन्माष्टमी से संबंधित उत्पाद और  बैकग्राउंड की सजावट में माहिर है।

जिला रेडक्रॉस समिति की स्थाई सदस्य रीचा गर्ग सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेती हैं। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती समारोह में भी अपनी स्टाल लगाती हैं। इससे पहले भी उन्होंने विभिन्न सामाजिक कार्य के लिए सम्मानित किया जा चुका है। वह जिला महेंद्रगढ़ की पहली युवा उद्यमी व हरियाणा में वर्ष 2022-2023 की एकमात्र युवा उद्यमी है जिन्हें हरियाणा सरकार द्वारा सम्मानित किया गया।

उन्होंने बताया कि वह हरियाणा सरकार की आभारी है जिन्होंने युवाओं को आगे बढ़ने के लिए इस तरह प्रेरित किया है। हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के  वोकल फॉर लोकल के नारे को चरितार्थ कर रही है। उन्होंने बताया कि वे इस कला को अन्य महिलाओं को भी सिखा रहे हैं ताकि वे भी  अपना स्वरोजगार शुरू कर सकें।

– डॉ. नितिका शर्मा को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर  मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

जिला महेंद्रगढ़ के गांव “नांगल नूनिया” की “डॉ. नितिका शर्मा” को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र में किए गए सराहनीय कार्यों के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने “सामाजिक कार्यकर्ता पुरस्कार” देकर सम्मानित किया गया।

उन्हें यह पुरस्कार चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र में किए गए सराहनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

गौरतलब है कि डॉ नितिका शर्मा स्वयं एक होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी हैं तथा विभिन्न अवसरों पर चिकित्सा शिविरों का आयोजन, विभिन्न  कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता, झुग्गी झोपड़ी एवं स्लम एरिया में स्वयं जाकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण एवं उन्हें जागरुक करने का कार्य निरंतर करती रहती हैं।

उन्होंने वैश्विक महामारी कोविड-19 के दौरान खुद की परवाह किए बिना मरीजों के घर जाकर उनका इलाज किया था। जिसके लिए देशभर से 50 से अधिक संस्थाओं द्वारा उन्हें सम्मानित किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपने भाषण में कहा कि उन्हें प्रदेश भर से पुरस्कार पाने वाली सभी बेटियों पर अत्यंत गर्व है।

error: Content is protected !!