भाजपा गठबंधन सरकार ने प्रदेश की जनता पर जुल्मोसितम की इंतेहा कर दी है: अभय सिंह चौटाला

जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सरपंचों पर किया गया लाठीचार्ज बर्बरतापूर्ण कृत्य, बड़े दुर्भाग्य की बात है कि इस दौरान महिला सरपंचों को भी नहीं बक्शा गया और लाठियों से पीटा गया
भाजपा गठबंधन सरकार ने प्रजातंत्र के सारे नियम कायदों की धज्जियां उड़ा कर रख दी है और सिर्फ लाठी और गोली की भाषा समझती है
जैसे बहुमत प्राप्त पार्टी का मुखिया जिसे जनता चुन कर विधान सभा भेजती है, वह प्रदेश का मुख्यमंत्री बनता है वैसे ही सरपंच भी गांव का मुख्यमंत्री होता है जिसे जनता बहुमत से चुन कर बनाती है
दूसरी तरफ एक महिला कोच के साथ छेड़छाड़ के मामले में आरोपी खेल मंत्री के खिलाफ खाप पंचायतें और महिला संगठन धरना प्रदर्शन कर रहे हैं और खेल मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं लेकिन अंधी और बहरी भाजपा गठबंधन सरकार उन पर भी लाठीचार्ज कर उनकी आवाज को दबाने का काम कर रही है

चंडीगढ़, 2 मार्च: इनेलो के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने बुधवार को भाजपा गठबंधन सरकार के आदेशों पर अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सरपंचों पर हरियाणा पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज को बर्बरतापूर्ण कृत्य बताया और इसकी कड़े शब्दों में निंदा की। कहा कि लाठीचार्ज में सैकड़ों सरपंच घायल हो गए और बड़े दुर्भाग्य की बात है कि इस दौरान महिला सरपंचों को भी नहीं बक्शा गया और लाठियों से पीटा गया।

अभय सिंह चौटाला ने चंडीगढ़ से बयान जारी कर कहा कि भाजपा गठबंधन सरकार ने प्रजातंत्र के सारे नियम कायदों की धज्जियां उड़ा कर रख दी है और सिर्फ लाठी और गोली की भाषा समझती है। भाजपा गठबंधन सरकार ने प्रदेश की जनता पर जुल्मोसितम की इंतेहा कर दी है। उन्होंने कहा कि बड़े दुख की बात है कि मुख्यमंत्री के गांव का चार बार का सरपंच जय भगवान, जिसको लाठियों से पीटा गया जिससे वो बुरी तरह से घायल हो गया।

इनेलो नेता ने कहा कि जैसे बहुमत प्राप्त पार्टी का मुखिया जिसे जनता चुन कर विधानसभा भेजती है, वह प्रदेश का मुख्यमंत्री बनता है। वैसे ही सरपंच भी गांव का मुख्यमंत्री होता है जिसे जनता बहुमत से चुन कर बनाती है। सरकार जब विधानसभा में कोई कानून लेकर आती है और अगर विधायक बहुमत से उसे नकार देते हैं तो कानून पास नहीं होता। यहां तो पूरे प्रदेश के 6841 गांवों के सरपंच, जो जनता द्वारा चुन कर आए हैं, सभी बहुमत से ई-टेंडरिंग प्रणाली के खिलाफ हैं तो सरकार को अपना यह निर्णय भी वापिस लेना चाहिए।

दूसरी तरफ एक महिला कोच के साथ छेड़छाड़ के मामले में आरोपी खेल मंत्री के खिलाफ खाप पंचायतें और महिला संगठन धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं और खेल मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं लेकिन अंधी और बहरी भाजपा गठबंधन सरकार उन पर भी लाठीचार्ज कर उनकी आवाज को दबाने का काम कर रही है। इतनी खिलाफत के बाद भी मुख्यमंत्री बेशर्मी दिखाते हुए विधानसभा में कहते हैं कि खेल मंत्री को नहीं बदलेंगे, नहीं बदलेंगे। इनेलो नेता ने कहा कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा गठबंधन सरकार के तानाशाही रवैये और कुकृत्यों से बुरी तरह से त्रस्त हो चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनावों में सत्ता से उखाड़ फैंकने का मन बना लिया है। 2024 में इनेलो की सरकार बनेगी और प्रदेश की जनता को हर तरह से राहत प्रदान करेगी।

You May Have Missed

error: Content is protected !!