हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राव बिरेंद्र सिंह जी के सम्मान में भारत सरकार उनके जन्मदिन 20 फरवरी को करेंगी डाक टिकट जारी

भारत सारथी/ कौशिक

नारनौल। अहीरवाल के दिवंगत ‘राव राजा’ के नाम से विख्यात रह चुके हरियाणा के पूर्व सीएम व केंद्रीय मंत्री राव बिरेंद्र सिंह के नाम पर जल्द ही डाक टिकट जारी होने जा रही है। अहीरवाल अपने समय के क्षत्रप को यह देर से मिला बड़ा सम्मान माना जा सकता है। इसकी जानकारी खुद राव बिरेंद्र सिंह के बेटे राव इंद्रजीत सिंह ने अपने जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने के लिए उनके दिल्ली निवास पर पहुंचे खास समर्थकों को दी।

अहीर राजा राव तुलाराम के वंशज राव बिरेंद्र सिंह ने अपने जीवन में चार दशक से भी अधिक समय में दक्षिणी हरियाणा की राजनीति पर एक छत्र राज किया था। संयुक्त पंजाब से हरियाणा बनने तक उनकी हरियाणा में तूती बोलती थी। हरियाणा पृथक राज्य बनने से पहले वह संयुक्त पंजाब में भी प्रभावशाली पदों पर आसीन रहे थे। हरियाणा के गठन के बाद उनको डिप्टी स्पीकर के पद पर नवाजा गया था। हरियाणा अलग होने के बाद वह 24 मार्च 1967 के दिन हरियाणा के दूसरे मुख्यमंत्री बने थे। हालांकि उनका मुख्यमंत्री काल ज्यादा समय नहीं रहा था। विशाल हरियाणा पार्टी बनाकर अहीरवाल के इस दिग्गज नेता ने दिल्ली तक की राजनीति को हिलाने का काम कर दिया था।

आपातकाल के बाद जब इंदिरा गांधी का प्रभाव खत्म हुआ तो उन्होंने रूठे हुए विशाल हरियाणा के सिरमौर राव बिरेंद्र सिंह को मनाने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी तक को रेवाड़ी आना पड़ा था। तब उन्होंने इंदिरा गांधी के आग्रह पर विशाल हरियाणा का विलय कांग्रेसमें कर दिया था। उसी कांग्रेस को दोबारा राजीव गांधी के कार्यकाल में फिर से बार बार कह दिया। वर्ष 1998 में सक्रिय राजनीति से अलग होने से पहले वह भारत सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कई प्रमुख पदों पर आसीन हुए थे। इस दौरान उन्होंने दक्षिणी हरियाणा की राजनीति पर लगातार मजबूत पकड़ बनाए रखी। अब उनके बेटे राव इंद्रजीत सिंह लगातार इस क्षेत्र में मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं। शनिवार को उन्होंने अपना जन्मदिन दिल्ली निवास पर मनाया, जहां सैकड़ों समर्थकों ने उनके निवास पर जाकर बधाई दी। राव इंद्रजीत सिंह ने ही अपने समर्थकों को उनके पिता के नाम डाक टिकट जारी होने की जानकारी दी।

error: Content is protected !!