भारत सारथी
रोहतक । डेरा सच्चा सौदा सिरसा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह एक बार फिर से जेल से बाहर आ गया है। शनिवार को गुरमीत राम रहीम सिंह को फिर से पैरोल मिल गई है। गुरमीत सिंह को तीन महीने में दूसरी बार पैरोल मिली है। पैरोल मिलने के बाद राम रहीम बरनावा डेरे के लिए रवाना हुआ। इस दौरान राम रहीम को लेने के लिए उनकी मुंह बोली बेटी हनीप्रीत पहुंची।

लगाई थी अर्जी

जानकारी के मुताबिक, गुरमीत राम रहीम सिंह पैरोल के लिए अर्जी लगाई थी। शाह सतनाम सिंह के जन्मदिन में शामिल होने के लिए गुरमीत राम रहीम ने 25 जनवरी को अर्जी लगाई थी। 25 जनवरी के भंडारे और सत्संग के लिए डेरामुखी ने जेल प्रशासन को आवेदन भेजा था और सिरसा आने की अनुमति मांगी थी, जिसके लिए मंजूरी दे दी गई है। राम रहीम को इस बार 40 दिन की पैरोल मिली है।

सुनारिया जेल में बंद है राम रहीम

बता दें, डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को अपनी दो शिष्याओं के साथ दुष्कर्म के मामले में 20 साल की सजा सुनाई गई थी। 20 साल की सजा काट रहा राम रहीम अभी हरियाणा के रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। इस सजा के दौरान राम रहीम कई बार पैरोल पर जेल से बाहर आ चुका है।

बताया जा रहा है कि राम रहीम सिंह जेल से यूपी के बरनावा आश्रम जाएगा। जानकारी के मुताबिक राम रहीम को इस बार पैरोल पूर्व डेरा प्रमुख शाह सतनाम सिंह की जयंती कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मिली है, जो कि 25 जनवरी को है।

एसजीपीसी ने पिछली पैरोल पर जताई थी आपत्ति

सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने पहले गुरमीत राम रहीम सिंह को पिछले साल 40 दिन की पैरोल दिए जाने पर आपत्ति जताई थी। एसजीपीसी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने आरोप लगाया था कि जहां गुरमीत राम रहीम सिंह के प्रति विशेष मेहरबानी की जा रही है, वहीं करीब तीन दशक से जेलों में बंद सिख कैदियों को सजा पूरी होने के बाद भी रिहा नहीं किया जा रहा है।

फरवरी में मिली थी 21 दिन की पैरोल

फरवरी में राम रहीम की 21 दिन की परोल मंजूर की गई थी। इस दौरान सरकार ने राम रहीम की जान का खतरा बताते हुए उस जेड प्लस की सुरक्षा भी मुहैया करवाई थी। पैरोल के दौरान राम रहीम ज्यादातर समय अपने गुरुग्राम स्थित आश्रम में ही रहा। सरकार ने सुरक्षा का आधार एडीजीपी सीआईडी की रिपोर्ट को बनाया था।

error: Content is protected !!