सबकुछ ठीक होने का दावा करके संगठन नियुक्तियों को टालकर कांग्रेस स्वयं अपने पैरों पर कुल्हाडी मार रही है : विद्रोही

हरियाणा में कांग्रेस कभी कमजोर नही रही। जब-जब कांग्रेस हरियाणा में चुनावों में कमजोर हुई है, वह कांग्रेस नेताओं के निजी टकराव व महत्वकांक्षाओं के कारण हुई है : विद्रोही
राहुल गांधी नेतृत्व की भारत जोडो यात्रा की सफलता व राहुल गांधी की सादगी, सत्य आचरण ने आम हरियाणवियों में कांग्रेस के प्रति विश्वास और बढ़ा है। विद्रोही
अब हरियाणा कांग्रेस को इस भ्रम को छोडना चाहिए कि बिना संगठन भी हम चुनाव जीत सकते है या चुनाव से कुछ समय पहले ही संगठन बनाने से काम चल जायेगा : विद्रोही

21 जनवरी 2023 – स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता वेदप्रकाश विद्रोही ने एक बयान में कहा कि हरियाणा का राजनीतिक मौसम निश्चित रूप से कांग्रेस के पक्ष में है। राहुल गांधी नेतृत्व की भारत जोडो यात्रा की सफलता व राहुल गांधी की सादगी, सत्य आचरण ने आम हरियाणवियों में कांग्रेस के प्रति विश्वास और बढ़ा है। विद्रोही ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा-जजपा सरकार को सत्ता से खदेडने व कांग्रेस को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है। अब यह कांग्रेसजनों पर निर्भर करता है कि अगले डेढ़ वर्षो तक वे जनभावना को समझकर पार्टी संगठन बनाकर आमजनों के मुद्दों पर सडकों पर लगातार संघर्ष करके जनविरोधी, फासिस्ट भाजपा-जजपा सरकार के खिलाफ जनआंदोलन करके आमजनों के हितों के लिए लडते है या नही। भारत जोडो यात्रा की अपार सफलता व राहुल गांधी जी के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास के मध्यनजर भाजपा भी समझ चुकी है कि अब हरियाणा की सत्ता उनके कब्जे में नही रहने वाली। अब भाजपा येनकेन प्रकेरण हर हथकंडा अपनाकर हरियाणा में अपनी सत्ता बरकरार रखने के लिए हर तरह के षडयंत्र करके बटवारेे व जातिवाद की राजनीति सत्ता दुरूपयोग से करेगी। 

विद्रोही ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस कभी कमजोर नही रही। जब-जब कांग्रेस हरियाणा में चुनावों में कमजोर हुई है, वह कांग्रेस नेताओं के निजी टकराव व महत्वकांक्षाओं के कारण हुई है। अब कांग्रेस नेताओं पर निर्भर करता है कि वे अपनी पूर्व की गलतियों से सबक लेते है या नही। हरियाणा कांग्रेस के हर नेता को अपनी निजी महत्वकांक्षा पर अंकुश लगाकर एकसाथ कदम से कदम मिलाकर पहले षडयंत्रकारी भाजपा को हरियाणा की सत्ता से खदेडने के काम को प्राथमिकता देनी होगी। जनभावना कांग्रेस के साथ है, अब केवल जरूरत इस बात की है कि जनभावना को कांग्रेस के पक्ष में पुख्ता रूप से वोट में बदलने की है। 

विद्रोही ने कहा कि कांग्रेस को इस जमीनी सच्चाई को ईमानदारी व बेबाकी से स्वीकारना चाहिए कि विगत दस वर्षो से निश्चित रूप से कांग्रेस का बूथ, ब्लॉक, जिला व प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक ढांचा न होने से कांग्रेस काफी नुकसान उठा चुकी है। किसी न किसी बहाने कांग्रेस संगठन को ठंडे बस्ते में डाले रखना भविष्य के लिए गलत संदेश देता है। ऐसी स्थिति में जनआंदोलन व जनमुद्दों पर लगातार संघर्ष कार्यक्रम बनाकर सडकों पर उतरने से पहले हर हालत में कांग्रेस संगठन की सभी नियुक्तियां तत्काल करनी चाहिए। सबकुछ ठीक होने का दावा करके संगठन नियुक्तियों को टालकर कांग्रेस स्वयं अपने पैरों पर कुल्हाडी मार रही है। वहीं विद्रोही ने कहा कि अब हरियाणा कांग्रेस को इस भ्रम को छोडना चाहिए कि बिना संगठन भी हम चुनाव जीत सकते है या चुनाव से कुछ समय पहले ही संगठन बनाने से काम चल जायेगा। कांग्रेस को संगठन नियुक्तियोंं के प्रति टरकाऊ, यथास्थितिवादी रवैया हर हालत में त्यागना होगा तभी हरियाणा में भाजपा-जजपा को सत्ता से खदेडना तय होगा। 

You May Have Missed

error: Content is protected !!