अपने सिंबल पर म्युनिसिपल कारपोरेशन के चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
बेरोजगारी की समस्या का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

गुरुग्राम, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मिली अभूतपूर्व सफलता के पश्चात जोश एवं उत्साह से लबरेज हरियाणा कांग्रेस आगामी चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। इसी कड़ी में गुरुग्राम फरीदाबाद तथा मानेसर नगर निगम के होने वाले चुनाव के दौरान  हरियाणा कांग्रेस अपने सिंबल पर उम्मीदवार मैदान में उतारेगी। उक्त बातें प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उस समय कहीं जब वे पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया के गुड़गांव गांव स्थित निवास स्थान पर आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री यहां पूर्व खेल मंत्री सुखबीर कटारिया की माता श्रीमती भतेरी देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करने हेतु आए हुए थे। उल्लेखनीय है की पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा प्रतिवर्ष 13 जनवरी को पूर्व खेल मंत्री सुखबीर कटारिया की माता श्रीमती भतेरी देवी के पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें नमन करने हेतु नियमित रूप से गुरुग्राम आते रहते हैं।

आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ ही साथ विधायक राव दान सिंह धर्म सिंह छोकर मामन खान इंजीनियर, नीरज शर्मा, पूर्व विधायक करण दलाल पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव, पूर्व ओएसडी महेंद्र सिंह चोपड़ा, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष निशित कटारिया, एवं ओमप्रकाश ढांडा, सुधीर चौधरी, चेयरमैन गजेंद्र चौहान, जिले सिंह नंबरदार, कर्नल जागृति शंकर भारद्वाज, अमित यादव इंटक,  दिलमोहन कटारिया, प्रदीप कटारिया, सतीश कटारिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

पत्रकारों द्वारा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर पूछे गए विभिन्न सवालों के जवाब में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को जनता का इस कदर प्यार और समर्थन मिल रहा है कि अब इस यात्रा ने एक जन आंदोलन का रूप ले लिया है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि देश एवं प्रदेश की जनता भाजपा की जन विरोधी नीतियों से तंग आ चुकी है। उन्होंने कहा कि यह एक जनविरोधी सरकार है। उन्होंने कहा कि जिस हरियाणा प्रदेश को हमने कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान निवेश रोजगार एवं प्रति व्यक्ति आय के मामले में देश का नंबर वन राज्य बना दिया था आज प्रदेश की इस जन विरोधी भाजपा सरकार ने इसे बेरोजगारी में नंबर वन बना कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता इन्हें सबक सिखाने का मन बना चुकी है और आने वाले चुनावों के दौरान इन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा कर अपना हिसाब चुकता करेगी। 

पत्रकारों द्वारा आगामी नगर निगम चुनाव के संबंध में बात करने पर उन्होंने कहा कि म्युनिसिपल कारपोरेशन के चुनाव कांग्रेस अपने सिंबल पर लड़ेगी। विभिन्न जिलों में अभी तक कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की नियुक्ति न होने के संदर्भ में उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि जनवरी माह के अंत तक  जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो जाए। एक पत्रकार द्वारा यह पूछने पर कि आगामी नगर निगम चुनाव के लिए आपके प्रत्याशी नजर नहीं आ रहे हैं। आपका कोई प्रत्याशी तैयारी करता हुआ नहीं दिखलाई पड़ रहा है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आप किसी एक ऐसे दल का नाम बताइए जिसने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया हो। उन्होंने कहा कि हरियाणा कांग्रेस केवल म्युनिसिपल कारपोरेशन ही नहीं प्रदेश में होने वाले किसी भी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। 

गुरुग्राम में सिविल हॉस्पिटल के नवीनीकरण का कार्य वर्षों से अधूरा रहने के संदर्भ में कहे जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही 1 वर्ष के भीतर अस्पताल के निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

एसवाईएल नहर को लेकर पूछे गए प्रश्न के जवाब में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इस संबंध में सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय आ चुका है और वर्तमान में हरियाणा प्रदेश तथा केंद्र दोनों ही जगहों पर भाजपा की सरकार है। भाजपा को चाहिए कि वह सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय को लागू करवाएं। 

प्रदेश बढ़ती बेरोजगारी दर और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं के समाधान के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की स्थापना के साथ ही बेरोजगारी की समस्या के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।  

एक पत्रकार द्वारा प्रदेश में भूपेंद्र हुड्डा के कार्यकाल और मनोहर लाल खट्टर के कार्यकाल की तुलना कर यह कहने पर कि भाजपा का आरोप है कि आप के कार्यकाल के दौरान सुनियोजित विकास नहीं हुआ के जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले आप यह तो बताएं की इनके कार्यकाल के दौरान क्या विकास हुआ है। इन्होंने कोई आईएमटी बनाई है या यातायात के किसी साधन का विस्तार किया है, कोई मेडिकल कॉलेज बनाया है या विकास का कोई ऐसा उल्लेखनीय कार्य किया है जो पहले नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकाल के दौरान ऐसे अनेक विकासात्मक कार्य किए गए थे जिससे लोगों की जीवन शैली पर इसका असर पड़ा था। उन्होंने गुरुग्राम एक्सप्रेस वे एवं मेट्रो के गुड़गांव आगमन समेत आनेक ऐसे कार्यों का हवाला दिया जो तत्कालीन समय में एक विशेष उपलब्धि के रूप में गिने जा सकते हैं।

परिवार पहचान पत्र के संदर्भ में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा परिवार पहचान पत्र के नाम पर प्रदेश की जनता को इस कदर परेशान किया जाता है कि लोगों ने अब इसका नाम ही परमानेंट परेशानी पत्र रख दिया है।

पूर्व खेल मंत्री सुखबीर कटारिया की माता श्रीमती भतेरी देवी को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करने हेतु प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान जी भी पधारे हुए थे। लेकिन संयोगवश वह थोड़ा विलंब से पहुंचे थे।

एक बार फिर से गुलजार हुई शिव वाटिका
गुरुग्राम के गुड़गांव गांव स्थित शिव वाटिका 13 जनवरी लोहड़ी के अवसर पर आज एक बार फिर से गुलजार नजर आ रही थी। उल्लेखनीय है कि पूर्व खेल मंत्री सुखबीर कटारिया द्वारा प्रतिवर्ष 13 जनवरी को अपनी माता श्रीमती भतेरी देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर यहां सामूहिक रुप से भोज का आयोजन किया जाता है। आयोजित भोज के दौरान यहां प्रतिवर्ष 25 से 50 हजार की संख्या में शहर के नागरिक प्रसाद ग्रहण करते थे। लेकिन पिछले 3 वर्षों से कोरोना के प्रभाव के कारण यह कार्यक्रम अत्यंत संक्षिप्त रूप में सुखबीर कटारिया के निवास स्थल पर ही आयोजित किया जाता था  और यह वाटिका इस दिन सुनी पड़ी रहती थी। आज 3 वर्षों पश्चात एक बार फिर इस वाटिका में वह पुरानी रौनक देखने को प्राप्त हो रही थी जो यहां कोरोना काल से पूर्व देखने को मिलती थी। एक बार फिर शिव वाटिका में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए हुए लोगों का जमावड़ा लगा हुआ था। वाटिका में एक बार फिर भूपेंद्र सिंह हुड्डा जिंदाबाद और सुखबीर कटारिया जिंदाबाद के नारे सुनाई पड़ रहे थे। आने जाने वाले अपने प्रिय नेता के साथ फोटो खिंचवाने के लिए आतुर नजर आ रहे थे। इतने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद सुखबीर कटारिया किसी को भी निराश नहीं कर रहे थे।  शायद ही ऐसा कोई व्यक्ति रहा हो जिसने सुखबीर कटारिया से निवेदन किया हो और सुखबीर कटारिया ने उसकी इच्छा न पुरी की हो। संक्षेप में आज एक बार फिर से शिव वाटिका गुलजार नजर आ रही थी।

error: Content is protected !!