-केंद्र सरकार ने फैसला वापस नहीं लिया तो होगा आंदोलन

हिसार, 01 जनवरी। हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट ने हिसार में चल रहे प्रदेश के इकलौते दूरदर्शन केंद्र को बंद करके चंडीगढ़ में शिफ्ट किए जाने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे भाजपा की ओछी सोच करार दिया है। डिपार्टमेंट के प्रदेश चेयरमैन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट खोवाल ने इसे हिसार की जनभावनों से खिलवाड़ के साथ साथ तीन दर्जन से भी अधिक युवाओं को बेरोजगार करने का षड़यंत्र करार दिया है।

एडवोकेट खोवाल ने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार ने पिछले 22 साल से चल रहे दूरदर्शन केन्द्र हिसार को अब सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बंद करने का निर्णय लिया है। इससे सालों से वहा काम कर रहे कर्मचारी बेरोजगार हो जाएंगे। एडवोकेट खोवाल ने कहा कि हिसार से प्रसारित दूरदर्शन हरियाणा चैनल को हरियाणा में लाखों लोग देखते है और ये हरियाणा की संस्कृति को दर्शाता है और इसका प्रचार प्रसार करता है। इसके बंद हो जाने से हरियाणवी संस्कृति को ठेस पहुंचेगी। यह सीधे सीधे हरियाणवी संस्कृति पर वार है, जिसे कोई भी हरियाणवी सहन नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि यह दूरदर्शन केंद्र बंद होने से 40 से अधिक युवा बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि दूरदर्शन हरियाणा ने किसानों को जानकारी देने के लिए कृषि संबंधित सैकड़ो कार्यक्रम बनाए है, जिनसे किसानों को काफी लाभ मिला है। इसके बंद हो जाने से किसानों के साथ साथ हरियाणवी संस्कृति को ठेस पहुंचेगी।

कुमारी सैलजा पहले भी जता चुकी है विरोध
एडवोकेट खोवाल ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा इस दूरदर्शन केंद्र को बंद करने पर पहले ही विरोध जता चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने दूरदर्शन केंद्र हिसार बंद करके हरियाणवी संस्कृति और युवाओं के रोजगार पर गहरी चोट मारी है। इसके माध्यम से भाजपा द्वारा हरियाणा के इतिहास को खत्म किया जा रहा है। जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा और हर हरियाणवी अपने इस लोकप्रिय दूरदर्शन के अस्तित्व को बचाने के लिए कोई भी बड़ा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा।

error: Content is protected !!