-दूसरे राज्यों में लागू इस पद्धति के बारे में भी मुख्यमंत्री से करेंगे मंत्रणा
-इलैक्ट्रो होम्योपैथी हरियाणा की ओर से कार्यक्रम में विधायक ने कही यह बात

गुरुग्राम। इसमें कोई दोराय नहीं कि इलेक्ट्रॉपैथी असाध्य रोगों को ठीक करने में कारगर पद्धति है। इसके कोई साइड इफेक्ट भी नहीं हैं। इस पद्धति को हरियाणा में भी लागू किया जाए, इस दिशा में कारगर कदम उठाए जाएंगे। हर संभव प्रयास होंगे। यह बात गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला ने हरियाणा इलेक्ट्रो होम्योपैथी एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कही।

विधायक सुधीर सिंगला ने कहा कि चिकित्सा की इस पद्धति को और आगे ले जाने में हर संभव मदद करेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से भी वे इस विषय पर बात करेंगे। उन्होंने चिकित्सकों की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर कहा कि इलेक्ट्रोपैथी में दवाओं का निर्माण नॉन पॉइजन वनस्पति से किया जाता है। करीब 114 पौधों से इसकी दवा बनती है।

इलेक्ट्रो का अर्थ शरीर में पाए जाने वाली धनात्मक व ऋणात्मक शक्ति है। होम्यो का अर्थ समानता एवं पैथी का अर्थ चिकित्सा व सिद्धांत से है। इसलिए इलेक्ट्रो होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति से मनुष्य में असामान्य शक्ति को पेड़-पौधों से प्राप्त रस में उपस्थित धनात्मक व ऋणात्मक शक्तियों के द्वारा समान किया जाता है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रोपैथी एक हर्बल चिकित्सा है। यह पद्धति जटिल रोगों में कारगर हो रही है। इलेक्ट्रोपैथी चिकित्सकों द्वारा इम्युनिटी बढ़ाने के लिए हजारों लोगों पर किया गया अध्ययन भी इस पद्धति के विकास में जहां सहायक सिद्ध होगा, वहीं पर इस रोग से लडऩे में अपनी अहम भूमिका निभाएगा। राज्य व केंद्र सरकार इस पद्धति के विकास में सहयोगी बने ऐसा प्रयास सभी को करना होगा। इस पद्धति की आवश्यकता इसलिए है कि हमें सरल, सस्ती एवं सुरक्षित चिकित्सा मिल जाए। चिकित्सकों की ओर से यह प्रमाणित किया गया है कि इससे गंभीर रोग काला पीलिया, कैंसर, अधरंग, फाईबराइड, रसौली, डेंगू, दमा, चमड़ी रोग आदि का सफल इलाज किया जाता है। इस कारण ही बहुत सारे इलेक्ट्रो होम्योपैथी डाक्टर जो दूसरे सिस्टम में चले गए थे, वह अपनी पैथी में वापस आ रहे हैं।

इस कार्यक्रम में डॉ. विनोद खनंगवाल (चेयरमैन इलेक्ट्रो होम्योपैथी मेडिकल काउंसिल हरियाणा), डॉ. नारायण सिंह तेवतिया (वाइस चेयरमैन इलेक्ट्रो होम्योपैथी मेडिकल काउंसिल हरियाणा), डॉक्टर संजू वर्मा, डॉक्टर देवेंद्र (कार्यकारीचेयरमैन इलेक्ट्रो होम्योपैथी मेडिकल काउंसिल हरियाणा), डॉ. वेद पाल सिंह (संयुक्त सचिव इलेक्ट्रो होम्योपैथी मेडिकल काउंसिल हरियाणा), डॉ पीके अरोड़ा (डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट पलवल, डॉ. विनोद (डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट झज्जर) व अन्य गणमान्य डॉक्टर्स शामिल रहे।

error: Content is protected !!