-देश में 1500 किलोमीटर की मैराथन पर निकली है टीम
-35 दिन में पूरी की जाएगी यह मैराथन

गुरुग्राम। देशभर में 1500 किलोमीटर की मैराथन पर निकली भारतीय नौसेना की टीम सोमवार को गुरुग्राम पहुंची। टीम ने यहां सिविल लाइन स्थित विधायक सुधीर सिंगला से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस मैराथन के लिए विधायक ने नौसेना के जवानों को बधाई और शुभकामनाएं दी।

लेफ्टिनेंट कमांडर देवदत्त शर्मा के नेतृत्व में भारतीय नौसेना की मैराथन टीम 1500 किलोमीटर की मैराथन का 35 दिन में पूरा करने का लक्ष्य है। इस मैराथन का उद्देश्य आजादी का अमृत महोत्सव के तहत भारतीय नौसेना द्वारा 1971 का युद्ध विजय और युवाओं को देश की सेनाओं के प्रति जागरूक करने के साथ युवाओं को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना, लोगों को अच्छे स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना, लोगों को योग के प्रति जागरूक करना, स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत के लिए जागरुक करना है। विधायक सुधीर सिंगला ने टीम का स्वागत करते हुए कहा कि नौसेना के जवान देश की रक्षा के साथ देश में जागरुकता के मिशन पर निकले जवान बधाई के पात्र हैं। यह हमारे देश की संस्कृति और महानता है कि देश का हर नागरिक राष्ट्र प्रथम की भावना से काम करता है।

हरियाणा के कई जिलों से गुजर रही है मैराथन
मैराथन टीम दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ के जिलों से गुजर रही है। मैराथन की शुरुआत 30 अक्टूबर 2022 को नई दिल्ली इण्डिया गेट स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक से हुई थी। इसके बाद सोनीपत, पानीपत, करनाल, यमुनानगर, पंचकूला, चंडीगढ़, अम्बाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, बरवाला, अग्रोहा, फतेहाबाद, सिरसा, हिसार, खरबला, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, नारनौल, रेवाड़ी, नूह, पलवल, फरीदाबाद यह मैराथन पहुंची। सोमवार को फरीदाबाद से मैराथन गुरुग्राम पहुंची तो विधायक सुधीर सिंगला ने मैराथन का स्वागत किया। यहां से चलकर झज्जर, सीसर खास, रोहतक, बहादुरगढ़, दिल्ली होते हुए मैराथन 4 दिसंबर को नैवी दिवस पर नई दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर संपन्न होगी।

error: Content is protected !!