– सभी को समाज उत्थान एवं गरीब कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए
– रामायण की रचना सामाजिक व्यवस्था का जीवंत उदाहरण
– महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा की कार्यशैली की धनखड़ ने की प्रशंसा

चंडीगढ़, 8 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि महापुरूष एवं शहीद किसी जाति एवं धर्म के ना होकर पूरी मानवता के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं। महापुरूषों के बताए नियमों एवं मानदंडों को अपना कर संपूर्ण समाज का समूचित विकास एवं कल्याण संभव है। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि ने हमेशा गरीब कल्याण, सामाजिक समरसता एवं भाईचारा की मजबूती के लिए समाज में अपने संदेश एवं प्रवचन दिए हैं। सभी को समाज उत्थान एवं गरीब कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए। यहीं भगवान वाल्मीकि के प्रति सच्ची श्रद्धाजंलि होगी। धनखड़ शनिवार को भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज, कलायत (कैथल) द्वारा भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस के शुभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में सभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर राज्य मंत्री कमलेश ढांडा, सांसद नायब सैनी, जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

ओपी धनखड़ ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि न केवल रामायण के रचियता हैं बल्कि आदि कवि हैं। राम राज की जो परिभाषा महर्षि वाल्मीकि ने पेश की उसका अनुगमन हमेशा होता रहेगा। इसलिए आम जन के साथ-साथ राजनेताओं के लिए भी उनके संदेश मार्ग दर्शक का काम करते रहेंगे। उन्होंने भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज संगठन तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरूआत धार्मिक परंपराओं के तहत भगवान महर्षि वाल्मीकि, संत शिरोमणि गुरु रैदास और भारत रत्न डा. भीम राव अंबेडकर के समक्ष दीप जलाकर की। 

ओपी धनखड़ ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के नैतिक मूल्य विश्व में आज भी प्रासांगिक हैं। रामायण की रचना सामाजिक व्यवस्था का जीवंत उदाहरण है। महर्षि वाल्मीकि ने माता सीता को जहां अपने आश्रम में पराश्रय दिया वहीं लव व कुश को कलम और सशस्त्र की शिक्षा दी। जबकि उस दौर में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय नहीं थे। बावजूद इसके महर्षि ने अपने आश्रम के माध्यम से महिला एवं बाल कल्याण की बड़ी नजीर पेश करने का काम किया। एक प्रकार से मंच के जरिये प्रदेशाध्यक्ष ने महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा की कार्यशैली की जहां प्रशंसा की वहीं लोगों द्वारा रखे गए मांग पत्र की जिम्मेवारी उन्हें सौंपी।

error: Content is protected !!