नांगल चौधरी के गांव धोलेड़ा में ओवरलोड वाहनों से परेशान लोगों ने लगाया जाम

पुलिस को मनाने में लगे 2 घंटे से अधिक

भारत सारथी/ कौशिक

नारनौल। नांगल चौधरी के गांव धोलेड़ा के ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह करीब 10 बजे ओवरलोड की समस्या से परेशान होकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने के बाद भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इसके बाद डीएसपी मुख्यालय जितेंद्र कुमार ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया। जाम करीब 2 घंटे चला।

ग्रामीणों की यह है परेशानी

गांव धोलेड़ा से रोजाना सैकड़ों की संख्या में ओवरलोड वाहन गुजरते हैं। इन ओवरलोड वाहनों के कारण यहां की सड़कें बुरी तरह टूट गई है जिन पर पैदल चलना भी दूभर है। टूटी सड़कों के ऊपर जब ओवरलोड वाहन चलते हैं तो धूल मिट्टी पूरा दिन उठती रहती है। जिसकी वजह से ग्रामीण काफी परेशान हो गए हैं। धूल मिट्टी लगातार उड़ने से ग्रामीण बीमार होने लगे हैं तथा उन्हें श्वास और दमा की शिकायतें भी होने लगी है। दूसरी ओर ओवरलोड वाहनों से पत्थर रोजाना सड़क पर गिर जाते हैं जिससे हादसा होने का डर बना रहता है।

ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर डालकर जाम लगा जताया रोष

इस समस्या से परेशान होकर धोलेड़ा के ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह करीब 10 बजे पत्थर आदि सड़क पर डालकर उसे जाम कर दिया। सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद नांगल चौधरी थाना प्रभारी रामनाथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से जाम हटाने के लिए कहा लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक न सुनी। बाद में निजामपुर थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद काफी संख्या में पुलिस बल बुला लिया गया। कुछ समय बाद उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय भी वहां पहुंच गए।

पुलिस ने बड़ी मुश्किल से लोगों को किया शांत

एक बार तो सड़क पर प्रदर्शन करें ग्रामीणों और पुलिस के बीच माहौल गरमा गया था लेकिन बाद में पुलिस ने लोगों को शांत कर दिया। इस बीच डीएसपी मुख्यालय जितेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाया तथा कहा कि आरटीओ लगातार ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई कर रहा है। पुलिस प्रशासन भी ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया।

इस बारे में नांगल चौधरी थाना प्रभारी रामनाथ ने बताया कि करीब 2 घंटे जाम लगा था। जिसके बाद में डीएसपी जितेंद्र कुमार के समझाने पर लोगों ने जाम हटा दिया।

You May Have Missed

error: Content is protected !!