– विपक्षी पार्टियों को सता रहा है मोदी का डर: मुख्यमंत्री मनोहर लाल
– कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे नेताओं को एक ही भय कि असली वाले अध्यक्ष बनेंगे या नकली
– पीएम मोदी और सीएम मनोहर लाल देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ा रहे हैं: धनखड़
– लगातार बढ़ रहा है भारतीय जनता पार्टी का परिवार: धनखड़

चंडीगढ़, 30 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ की उपस्थिति में नगरपरिषद के वर्तमान चेयरमैन, एक पूर्व चेयरमैन, दो पूर्व प्रत्याशी व कलाकार तथा समाज सेविका सहित एक दर्जन लोगों ने भाजपा का दामन थाम लिया। शुक्रवार को पंचकूला स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय ‘‘पंच कमल’’ में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने इन सभी को भाजपा का पटका पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ देकर पार्टी में ज्वाइन करवाया। इस मौके पर मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी ज्वाइन करने वाले सभी नेताओं को भारतीय जनता पार्टी की रीति नीति से भी अवगत कराया और पार्टी को परिवार बताते हुए सभी का स्वागत किया।

आज भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन करने वालों में चेयरमैन नगरपरिषद नारायणगढ़, पूर्व चेयरमैन नगरपरिषद गोहाना से सुनील मेहता, प्लाईबोर्ड एसोसिएशन यमुनानगर के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व प्रत्याशी देवेंद्र चावला, पूर्व सरपंच, पूर्व पार्षद एवं बहादुरगढ़ से आम आदमी पार्टी से पूर्व प्रत्याशी रहे प्रवीन कबलाना, पूर्व डायरेक्टर एनिमल हस्बैंडरी डा. ओपी छिक्कारा, कलाकार प्रदीप बूरा, कलाकार पूजा हुड्डा, सेवानिवृत एसई, अध्यक्ष बैलैंशन हरियाणा, गांव बलाना पानीपत के रोशनलाल माइला तथा अमित वालिया, विजय सैनी पूर्व प्रत्याशी सफीदो विधानसभा लोसुपा, सुरेश गुप्ता पूर्व जीएम हैफेड सफीदो, कमल लहरी चीफ सुपरिटेंडेंट रेलवे (वीआरएस) अंबाला सिटी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि विपक्षी पार्टियों में निराशा का भाव है, उन्हें एक ही डर सता रहा है कि नरेंद्र मोदी आ रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि डर के कारण ये तीसरे मोर्चे के नाम पर एकत्रित होना शुरू हो जाते हैं। यह 2014 और 2019 से चला आ रहा है। विपक्षी पार्टियों को निशाने पर लेते हुए  मुख्यमंत्री ने कहा कि उनको यह भी भय है कि जनता को समझ में आ गया है कि ये पार्टियां सत्ता में आकर सत्ता भोगती है और अपने फायदों के लिए काम करती है। लेकिन देश में मोदी की सरकार आने के बाद अब कोई सोच नहीं सकता कि सत्ता भोगनी है। भाजपा की सरकारों में सत्ता सेवा का माध्यम है। 

सीएम ने कहा कि कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए पिक्चर चल रही है। उन्होंने कहा कि कभी अशोक गहलोत प्रधान बन रहे हैं, तो कभी दिग्विजय सिंह, तो कभी दक्षिण वाले मल्लिकार्जुन खड़गे अध्यक्ष पद की रेस में आगे आ रहे हैं। लेकिन इनको सब को यह डर भी सता रहा है कि पता नहीं हम असली वाले अध्यक्ष बनेंगे या नकली वाले। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत में ऐसी विशेषता है कि वो दुनिया को बहुत कुछ सीखा सकता है। भारत को आगे बढ़ाने में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का जो योगदान है वह सराहनीय है। 

उन्होंने कहा कि जो भाजपा के कार्यकर्ता हैं और जो नए सदस्य बनें उन्हें यह अनुभूति होनी चाहिए कि हम एक समुद्र की तरह अपार पार्टी के सदस्य बने हैं। उन्होंने पार्टी में शामिल हुए सभी कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाते हुए कहा कि आपको पूरा मान सम्मान मिलेगा। सीएम ने कहा कि हरेक की क्षमताओं व गुणों का उपयोग समाज के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जैसे हमारा नारा है हर खेत को पानी और हर हाथ काम है ऐसे ही यह भी हमारा नारा है कि हर काम के लिए व्यक्ति और हर व्यक्ति के लिए काम है। हर व्यक्ति को काम देने का सिस्टम पार्टी में है। 

इस मौके पर ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि भाजपा एक पारिवारिक संगठन है। यह एक ऐसा संगठन है कि कई पीढ़ियों से लोग यहां काम कर रहे हैं। यहां जो एक बार कार्यकर्ता बनता है तो पूरा जीवन सेवा करते हुए बीता देता है। उन्होंने कहा कि आज सभी के कल्याण और विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल देश को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। इसी के निमित सभी जनों का मन बढ़ता जा रहा है और हमारा भाजपा का परिवार बढ़ता जा रहा है। 

धनखड़ ने कहा कि इस संगठन को खड़ा करने में पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल जी, लाल कृष्ण आड़वाणी, कुशाभाउ ठाकरे जैसे अनेक लोगों ने अपनी जिंदगी लगाई है। हमारे बीच में ऐसे लोग हैं जिन्होंने जिंदगी लगाकर पारिवारिक वातावरण उत्पन्न किया है कि हम एक विचार और एक परिवार के साथ काम कर सकें। उस विचार और परिवार के साथ काम करते हुए अगर सत्ता में जाते हैं तो वहां अपन सर्वश्रेष्ठ देते हैं और पार्टी को अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं। धनखड़ ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जहां हमारा नेतृत्व अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करता है वहीं अपने संगठन का भी सर्वश्रेष्ठ अभिव्यक्त कराने प्रयास करता है कि आप जीवन में सबसे अच्छा कर सकते हैं वो करके दिखाओ। उन्होंने कहा कि इसको आप मोदी जी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में जो सेवा पखवाड़ा चल रहा है उस पर आप महसूस कर सकते हैं। इस मौके पर सांसद नायब सैनी, शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर, महामंत्री एवं विधायक मोहन लाल कौशिक, विधायक घनश्याम अरोड़ा, मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा आदि उपस्थित थे।

error: Content is protected !!