-शहर के कई मंदिरों में बतौर अतिथि की शिरकत
-सभी को धर्म को आगे बढ़ाने का दिया संदेश

गुरुग्राम। जिस तरह गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन के माध्यम से संसार को धर्म-कर्म के संदेश दिए, वे सदैव प्रासंगिक रहेंगे। ऐसे ही हमारे पर्व भी हमें धर्म के मार्ग पर चलाने के साथ सही कर्म करने का ज्ञान भी देते हैं। इसलिए हमारे देश में सभी पर्वों को विशेष महत्व दिया जाता है। यह बात पंजाबी बिरादरी महा संगठन के प्रधान बोधराज सीकरी ने श्रीकृष्णाष्टमी पर्व पर शहर के मंदिरों में बतौर मुख्य अतिथि, विशेष अतिथि के रूप में अपना संबोधन देते हुए कही।

श्री सीकरी सबसे पहले सेक्टर-45 स्थित इस्कॉन मंदिर में विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे और बांके बिहारी के दर्शन किए। उन्होंने ठाकुर जी के बाल्य रूप का अभिषेक भी किया। यहां के भव्य आयोजन के लिए उन्होंने आयोजकों को बधाई दी।

उन्होंने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की सभी को बधाई देते हुए कहा कि हमें हर त्योहार, पर्व ऐसे ही धूमधाम से मनाया चाहिए। यह हमारी संस्कृति है। यहां से वे सेक्टर-23 स्थित श्री शक्ति मंदिर में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। उनके साथ संस्था के वरिष्ठ उप-प्रधान ओम कथूरिया, मंत्री जीएन गोसाईं भी मौजूद रहे। मंदिर कमेटी की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-पाठ करवया गया। यहां अपने आध्यात्मिक ज्ञान से श्री सीकरी ने सबका मन मोह लिया। उन्होंने कहा कि अजन्मा, अनादि, अनन्त, अगोचर चेतन तत्व को अपने भीतर पहचान पाने की सम्भावना जागृत करने वाली जन्माष्टमी की सभी दर्शकों को हार्दिक बधाई दी। मंदिर के उपप्रधान एवं मुख्यमंत्री हरियाणा के पूर्व ओएसडी जवाहर यादव भी मौजूद रहे।

इसके बाद बोधराज सीकरी श्याम मंदिर न्यू कॉलोनी में वे पहुंचे। इस मंदिर कमेटी के वे स्वयं प्रधान भी हैं। यहां उन्होंने आरती और भोग में हिस्सा लिया। वृंदावन से रास लीला मंडली ने यहां बेहतरीन कार्यक्रम प्रस्तुत किया। उन्होंने खुशी जाहिर की कि आज का युवा अपने धर्म के प्रति अपनी परंपराओं के प्रति संस्कार और संस्कृति के प्रति जागृत हो रहा है। यह राष्ट्र के लिए अच्छा संकेत है। उन्होंने कहा कि ईश्वर सबके हृदय में विराजमान हैं। हमें धर्म का सम्मान करते हुए आगे बढ़ाना चाहिए। हमें धर्म की रक्षा करनी चाहिए, तभी धर्म हमारी रक्षा करेगा।

error: Content is protected !!