-नूंह में विधायक सुधीर सिंगला ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
-युवाओं, बच्चों को स्वतंत्रता सेनानियों, सैनिकों से प्रेरणा लेने को किया प्रेरित

गुरुग्राम। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत नूंह में स्वतंत्रता दिवस समारोह में गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी भी ली। उन्होंने शहीदों के परिवारजनों को सम्मानित करके उनका आशीर्वाद लिया। समारोह में विधायक सुधीर सिंगला की पत्नी समाजसेवी सुनीता सिंगला भी मौजूद रहीं।

अपने संबोधन में विधायक सुधीर सिंगला ने कहा कि देश आजादी के 75 साल पूरे कर चुका है। इस दौर में देश ने बहुत सारे उतार-चढ़ाव देखे हैं। देश की एकता और अखंडता के लिए हम सबने मिलकर काम किया है। किसी न किसी रूप में देश के हर नागरिक की भूमिका देश को आगे बढ़ाने में रहती है। उन्होंने विशेषकर युवाओं से आग्रह किया कि वे देश और समाज को आगे बढ़ाने में अपनी योग्यता का इस्तेमाल करें। इसके लिए खुद को तैयार करें। हमारे लिए राष्ट्र प्रथम होना चाहिए। जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद को राष्ट्र को समर्पित करके दिन-रात देश आगे बढ़ाने के काम में लगे हैं, यह देश के हर नागरिक को प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि देश की मजबूती के लिए पीएम ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का मजबूत प्रतिनिधित्व किया है। तब जाकर शक्तिशाली देशों में भी भारत को गंभीरता से लिया जाने लगा है।

उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए विधायक सुधीर सिंगला कहा कि उनकी कुर्बानी की बदौलत आज हम आजादी का जश्न मना रहे हैं। वे नि:स्वार्थ लड़े और अपनी जान तक दे दी। तब जाकर हमें आजादी मिल पाई। ऐसे जांबाजों को हमारा शत-शत नमन। श्री सिंगला ने देश के सैनिकों के शौर्य को नमन किया। उन्होंने कहा कि सीमाओं पर डटे रहकर सैनिक देश को सुरक्षित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने समारोह में मौजूद लोगों से आग्रह किया कि शहीदों, सैनिकों, परिवारजनों का सदा सम्मान करें। ये हमारे आदरणीय हैं। उन्होंने बच्चों से भी कहा कि वे सैनिकों को सेल्यूट करके उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने गर्व से कहा कि देश की सेनाओं में हमारे दक्षिण हरियाणा से अनेकों सैनिक देश सेवा कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि भारत सरकार की सेना में भर्ती की नई प्रणाली के माध्यम से देश सेवा में जाएं। फिर वापस आकर अपने यहां पर सेवा कर सकते हैं। हरियाणा सरकार भी सेना से आने वाले युवाओं को नौकरी देगी। विधायक सुधीर सिंगला ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया।

हरियाणा का जिक्र करते हुए विधायक सुधीर सिंगला ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश ने खूब तरक्की की है और अभी भी तरक्की की राह पर है। पूरे हरियाणा में उन्होंने समान विकास का पहिया घुमाया है। बिजली, पानी, सड़कें, सीवरेज, रोजगार की दिशा में उन्होंने ऐतिहासिक काम किए हैं, ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। समारोह में गुरुग्राम से पार्षद मनीष वजीराबाद, पूर्व डिप्टी मेयर परमिंदर कटारिया, मंगतराम बागड़ी, सुनील मेंबर, सुभाष यादव, कर्मवीर यादव, विष्णु मंगला, विपिन गुप्ता, आशीष गुप्ता, रामवीर सिंह, रामानंद, टीकाराम नंबरदार, विनोद यादव, सूरजमल यादव, रोशन लाल, राम निवास यादव, रघुवीर सिंह, जतिन यादव, अशोक यादव व अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

error: Content is protected !!