कांग्रेसी तिरंगे पर कर रहे हैं राजनीति: धनखड़

कांग्रेस ने हजारों बलिदानियों के नामों को उजागर नहीं होने दिया: धनखड़
करनाल में भाजपा के प्रकोष्ठों और विभागों की हुई बैठक

करनाल, 12 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि हजारों बलिदानियों को भुला देने वाली कांग्रेस अब तिरंगे पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी स्वतंत्रता के लिए बलिदान हुए सभी बलिदानियों का नाम देश के सामने रखने के लिए कृतसंकल्प है। ओम प्रकाश धनखड़ शुक्रवार को करनाल के कल्पना चावला सभागार में पार्टी के प्रकोष्ठों और विभागों की बैठक में बोल रहे थे। कार्यक्रम में करनाल के सांसद संजय भाटिया सहित अनेक वरिष्ठ नेता की उपस्थिति रही।

पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस का पापी तक कह डाला। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस तिरंगे का वर्षों से अपमान करती आ रही है। उन्होंने बताया कि आजादी से पहले 30 दिसंबर 1943 को सुभाष चंद्र बोस ने अंडमान निकोबार के पोर्ट ब्लेयर में तिरंगा फहराया था, लेकिन आजादी के बाद कांग्रेस ने पापपूर्ण व्यवहार करते हुए यहां तिरंगा फहराने पर रोक (डी-सेरोमोनियल) लगा दी थी। जिसके कारण वहां वर्षों तक तिरंगा नहीं फहराया जा सका था। ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी तिरंगे के सम्मान के साथ नींव का पत्थर बन चुके सभी बलिदानियों के नामों को उजागर कर घर-घर तक पहुंचाने में कामयाब हो रही है।

कांग्रेस पर बरसते हुए ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस का व्यवहार हमेशा तिरंगे के प्रति निरादर भरा रहा। इण्डिया इज इंदिरा, इंदिरा इज इंडिया का स्लोगन कांग्रेसियों ने दिया। जब कांग्रेस का शासन था तो अधिकांश संस्थानों का नाम इंदिरा, राजीव आदि गांधी नेहरू परिवार के नाम पर रखे गए या फिर देश की संस्कृति के विपरित सांताक्रुज, डम-डम एयरपोर्ट जैसे नाम रखे गए। लेकिन अब सांताक्रुज एयरपोर्ट का नाम शिवाजी महाराज के नाम से है। कोलकाता के एयरपोर्ट को सुभाष चंद्र बोस एयरपोर्ट बनाया। रायपुर के एयरपोर्ट का नाम विवेकानंद एयरपोर्ट हो गया। नागपुर के एयरपोर्ट बाबा साहब भीमराव अंबेडकर एयरपोर्ट हो गया। लखनऊ एयरपोर्ट आज चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट है। जिन लोगों ने देश के लिए कुछ किया उनके नाम आज देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। पहले भारत को कांग्रेसियों ने केवल अपनी बपोती समझ लिया था, लेकिन आज भारत हर भारतीय का है।

ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि पीएम मोदी के आह्वान पर देशभर में 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। तिरंगा हमारी संप्रभुता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। हमें हर घर तिरंगा कार्यक्रम को महोत्सव की तरह मनाना चाहिए। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को हर घर तिरंगा अभियान तथा पंचायत चुनाव को लेकर अभी से तैयारियों में जुट जाने को कहा।

विभाजन की विभीषिका को याद कर भावुक हुए धनखड़
बैठक में विभाजन की विभीषिका को याद करते हुए ओम प्रकाश धनखड़ भावुक हो गए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश की आज़ादी के लिए 3 लाख 27 हज़ार लोगों ने बलिदान दिया है, जिसमें 850 लोग हरियाणा के हैं। हमें इन बलिदानियों को और अपने इतिहास के बुरे दिनों को भी याद रखना चाहिए ताकि उनसे सीख लेकर हम भविष्य की तैयारियां कर सकें। आजादी का अमृत महोत्सव उन सबको याद करने का समय है जिन्हें कांग्रेस ने अपने स्वार्थ के कारण भुला दिया। 13, 14 और 15 अगस्त को सभी को अपने घर पर झंडा फहराकर शहीदों को नमन करना चाहिए।

निकाली गई तिरंगा यात्रा
बैठक के बाद तिरंगा यात्रा भी निकाली गई जो कल्पना चावला सभागार से होती हुई शहीद स्मारक तक पहुंची। यहां प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़, करनाल के सांसद संजय भाटिया, प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेद पाल, प्रदेश महामंत्री डा. पवन सैनी, प्रदेश महामंत्री एवं विधायक मोहन लाल, प्रदेश महामंत्री डा. पवन सैनी, धर्मबीर नांदल, नवीन गोयल, ललित बतरा, संदीप जोशी, प्रदेश मीडिया प्रमुख डा संजय शर्मा, सतीश खोला, जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, घरोंडा विधायक हरविंदर कल्याण, मेयर रेणू बाला गुप्ता, जिला महामंत्री राजबीर शर्मा, सुनील गोयल, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण लाठर, जिला मीडिया प्रमुख डा अशोक कुमार ने पुष्प अर्पित कर श्रृद्धांजलि दी।

error: Content is protected !!