दौलताबाद फ्लाईओवर की कई दिनों से बंद पड़ी हैं स्ट्रीट लाईटें …….कभी भी हो सकती है कोई गंभीर दुर्घटना,

क्षेत्रवासियों ने लगाई गुहार -प्रशासन दे ध्यान

गुडग़ांव, 2 जुलाई (अशोक): शहर का दौलताबाद फ्लाईओवर काफी व्यस्त फ्लाईओवर है। धनवापुर रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास का कार्य पिछले काफी समय से चल रहा है जिसके लिए धनवापुर रेलवे क्रॉसिंग को यातायात के लिए बंद किया हुआ
है। इसलिए धनवापुर व अन्य गांवों तथा द्वारका एक्सप्रेस पर बसी गगनचुंबी इमारतों में जाने के लिए दौलताबाद फ्लाईओवर ही वाहन चालकों के लिए एकमात्र विकल्प बचा है। इस फ्लाईओवर पर लगी दर्जनों स्ट्रीट लाईटें गत सप्ताह से बंद पड़ी हैं, जिससे वाहन चालकों को रात्रि के समय बड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कभी भी कोई भयंकर दुर्घटना घटित हो सकती है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह क्षेत्र नगर निगम के 2 वार्डों के नगर निगम पार्षदों के क्षेत्र में आता है। समाजसेवी व डा. राजेंद्र प्रसाद फाउण्डेशन के अध्यक्ष राजेश पटेल का कहना है कि फ्लाईओवर का कुछ हिस्सा लक्ष्मण विहार क्षेत्र में तो कुछ राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में आता है। दोनों क्षेत्र के पार्षद भी इस समस्या का समाधान नहीं करा पा रहे हैं। इस समस्या की ओर वे गंभीर दिखाई नहीं देते। उनका कहना है कि नगर निगम के टोल फ्री नंबर पर भी क्षेत्रवासियों ने कई बार शिकायतें कर ली हैं, लेकिन
उनकी समस्याओं का आज तक भी कोई समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि बंद पड़ी फ्लाईओवर की लाईटों को तुरंत चालू कराया जाए ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

You May Have Missed

error: Content is protected !!