पराली प्रबंधन हेतु मशीनीकृत समाधान की खोज में नेपाली शिष्टमंडल ने किया एचएयू का दौरा

हिसार : 24 जून – चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय पराली प्रबंधन में नेपाल का सहयोग करेगा। इसके लिए यह विश्वविद्यालय नेपाल के त्रिभुवन विश्वविद्यालय के साथ एक एमओयू करके वहां के वैज्ञानिकों को पराली प्रबंधन संबंधी तकनीकी ज्ञान हस्तांतरित करेगा। यह निर्णय नेपाल के एक शिष्टमंडल की चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज के साथ हुई बैठक में लिया गया।

नेपाल का यह शिष्टमंडल पराली जलाने की समस्या से निपटने के लिए पराली प्रबंधन हेतु उपयुक्त तकनीकी एंव मशीनों की जानकारी हासिल करने के उद्देश्य से चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के दौरे पर आया। इस सात सदस्यीय शिष्टमंडल का नेतृत्व नेपाल के त्रिभुवन विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी संस्थान के विभागाध्यक्ष श्री जावेद आलम कर रहे हैं। बता दें नेपाल में संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक आयोग द्वारा समर्थित एकीकृत स्ट्रॉ प्रबंधन पर पायलट परियोजना कार्यन्वित की जा रही है। इस परियोजना के प्रमुख कार्यान्वयन भागीदारों में नेपाल के कृषि इंजीनियरिंग विभाग, त्रिभुवन विश्वविद्यालय, कृषि विभाग, नेपाल कृषि अनुसंधान परिषद और कृष्ण धन उद्योग (स्ट्रॉ ब्लॉक के निर्माता) को शामिल किया गया है।

बैठक में कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने कहा कि स्ट्रॉ बर्निंग एशिया-प्रशांत क्षेत्र के कई देशों के लिए चिंता का विषय है।  भारत भी इससे अछूता नहीं है। यहां विशेषकर धान उत्पादक प्रान्तों में यह एक गंभीर समस्या है। उन्होंने कहा हरियाणा में इस समस्या से निपटने के लिए सरकार बहुत गंभीरता से कार्य कर रही है। पराली प्रबंधन के लिए किसानों को एक हजार रूपए प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि प्रदान कर रही है वहीं उद्योगों से पराली को इथनॉल उत्पादन व ऊर्जा उत्पादन में प्रयोग करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा जहां खेत पर पराली के प्रबंधन का सवाल है इसके लिए चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में प्रौद्योगिकी विकास व मानकीकरण का कार्य निर्बाध रूप से किए जाने के साथ किसानों के बीच इनका विस्तार किया जा रहा है।

इस मौके पर कुलपति ने नेपाली शिष्टमंडल को पराली प्रबंधन के क्षेत्र में हर संभव तकनीकी सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया तथा त्रिभुवन विश्वविद्यालय, नेपाल के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने की बात कही जिसके तहत भविष्य में दोनों विश्वविद्यालय आपस में मिलकर अनुसंधान कार्य कर सकेंगे जिससे पराली प्रबंधन की समस्या का समाधान निकल सकेगा।

इससे पूर्व विश्वविद्यालय पहुंचने पर इस नेपाली शिष्टमंडल का कृषि अभियान्त्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. बलदेव डोगरा व स्टाफ ने गर्मजोशी से स्वागत किया। डॉ. डोगरा की अगुवानी में शिष्टमंडल को फार्म मशीनरी एंव पावर इंजीनियरिंग विभाग में पराली प्रबंधन में उपयोगी विभिन्न मशीनों (हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, जीरो टिल ड्रिल, स्पेसिअल ड्रिल, स्ट्रॉ चापर, मल्चर, हे रेक, बेलर आदि) व इनके परिचालन बारे जानकारी दी गई। विभागाध्यक्ष डॉ. विजया रानी तथा डॉ. अनिल कुमार ने विश्वविद्यालय के कृषि मशीनरी परीक्षण केन्द्र की गतिविधियों से शिष्टमंडल को अवगत कराया और मशीनों संबंधी उनके प्रश्नों के जवाब दिए। शिष्टमंडल ने इस दो दिवसीय दौरे के दौरान विश्वविद्यालय के डॉ. मंगन सेन कृषि विज्ञान संग्राहल का भी भ्रमण किया। शिष्टमंडल ने दौरे को अत्यंत लाभकारी बताते हुए कहा कि इस विश्वविद्यालय में पराली प्रबंधन हेतु उपलब्ध प्रौद्योगिकी एंव मशीनरी नेपाल के लिए बहुत उपयोगी सिद्ध होगी।

error: Content is protected !!