सोहना नगरपरिषद ने अवैध कॉलोनियों में चलाया अभियान ……अवैध निर्माणों को किया ध्वस्त।

सोहना बाबू सिंगला

सोहना नगरपरिषद विभाग ने अवैध कालोनियों पर अंकुश लगाने की कवायद आरम्भ कर दी है। विभाग ने अभियान चलाकर अवैध कालोनियों में बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर डाला है। जिनमें चारदीवारी व सड़कें आदि शामिल हैं। उक्त अभियान करीब 7 एकड़ में चलाया गया था। वहीं कालोनियों में तोड़फोड़ किये जाने से नागरिकों में हड़कम्प व बेचैनी व्याप्त है। तोड़फोड़ के दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। टीम की कार्यवाही का किसी ने भी विरोध नहीं किया था। 

नगरपरिषद विभाग ने गाँव धुनेला में अवैध रूप से काटी गई कालोनियों में निर्माणों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया है। उक्त अवैध निर्माण करीब 7 एकड़ में बने थे। परिषद की टीम ने अवैध निर्माणों को चिन्हित करके उन पर जेसीबी चला दी है। अवैध निर्माणों की संख्या करीब2 दर्जन बताई जाती है। टीम में बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार लच्छी राम मौजूद थे। दोपहर बाद शुरू किए अभियान में परिषद अधिकारी व पुलिस जवान भी मौजूद थे। टीम के पहुँचने पर लोगों में हड़कम्प मच गया। लोग अपने निर्माणों को बचाने के लिए अपने आकाओं को फोन मिलाने लगे। किन्तु परिषद दस्ते ने किसी की भी नहीं सुनी और अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इस अवसर पर म्यूनिसिपल इंजीनियर सुशील ठाकरान, म्यूनिसिपल इंजीनियर राजपाल खटाना, बिल्डिंग इंस्पेक्टर मनोज सिवाच, पटवारी सुभाष आदि मौजूद थे।

विदित है कि सोहना क्षेत्र व कस्बे में अवैध कालोनियों को काटे जाने का सिलसिला लगातार जारी है। कालोनाइजर कृषि योग्य भूमि पर अवैध कालोनियां काट रहे हैं। जिनको काटने के लिए सरकार व किसी भी विभाग से मंजूरी नहीं ली है। जिनमें मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। कालोनाइजर भोले भाले लोगों को सब्जबाग दिखाकर उनको फंसाते हैं और प्लाट बेचकर मोटा धन कमा रहे हैं। 

क्या कहते हैं अधिकारी ………….नगरपरिषद के म्यूनिसिपल इंजीनियर सुशील ठाकरान बताते हैं कि अवैध कालोनियों की परिषद क्षेत्र में किसी भी सूरत में बसने नहीं दिया जाएगा। उक्त अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा।

You May Have Missed

error: Content is protected !!