हिसार। प्रदेश में सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बड़ा कदम उठाते हुए नई हाई पावर कमेटी का गठन किया है, जोकि बहुत ही सराहनीय कदम है। यह बात आज वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मीडिया प्रभारी सुरेश गोयल धूपवाला ने प्रेस को जारी एक  बयान में कही। बयान में उन्होंने कहा कि सरकार के निर्णय अनुसार कमेटी में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक व कई  अन्य उच्चाधिकारी शामिल होंगे। सभी 6 मंडलों के मंडलायुक्तों के हाथों में इसकी कमान रहेगी। सुरेश गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री का भ्रष्टाचार के विरुद्ध कड़ा रुख समय समय पर झलकता रहा है। अब हाई पावर कमेटी का गठन करके मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी प्रतिबद्धता को उच्च स्तर पर जाहिर कर दिया है

मुख्यमंत्री का यह कथन पूरी सत्य पर आधारित है कि भ्रष्टाचार की जड़ें काफी गहराई तक पहुंची हुई हैं। पहले की सरकार इसे उजागर नहीं करती थी, परंतु अब भाजपा सरकार इस पर अंकुश लगाने व इसे पूरी तरह समाप्त करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पहले भी भ्रष्टाचार करने वालों के मन में भय उत्पन्न करने के लिए नई तकनीक व ऑनलाइन सिस्टम का उपयोग कर रही है। प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए दंडात्मक, सुधारात्मक और चरित्र निर्माण पर जोर देती रही है। उन्होंने बताया कि स्कूलों में प्राथमिक शिक्षा से ही बच्चों के  मन मस्तिक में भ्रष्टाचार को एक बड़ी बुराई के रूप में बैठाए जाने से भी इसके भविष्य में सुखद परिणाम ही प्राप्त होंगे।

 सुरेश गोयल धूपवाला ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। मुख्यमंत्री का अब यह प्रयास बहुत ही प्रशंसनीय व स्वागत योग्य है। आशा की जानी चाहिए कि भविष्य में इसके बहुत ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। 

error: Content is protected !!