आजादी का अमृत महोत्सव के तहत आयोजित हुई गतिविधियां

– नगर निगम गुरूग्राम द्वारा सुशांत लोक, शीतला कॉलोनी एवं बादशाहपुर में कार्यक्रम आयोजित करके नागरिकों को कचरा अलग करने के लिए किया प्रेरित

गुरूग्राम, 27 सितम्बर। भारत सरकार की पहल आजादी का अमृत महोत्सव के तहत नगर निगम गुरूग्राम द्वारा सोमवार का दिन कचरा अलगाव दिवस के रूप में मनाया गया। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में गतिविधियां आयोजित करके नागरिकों से कचरा अलग-अलग करने का आह्वान किया गया।

नगर निगम गुरूग्राम की स्वच्छ भारत मिशन शाखा द्वारा सोमवार को सुशांत लोक, शीतला कॉलोनी तथा बादशाहपुर में विशेष गतिविधियां आयोजित की गई। आजादी का अमृत महोत्सव हमारी आजादी के 75 वर्ष और इन वर्षों में भारत की उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए भारत सरकार की एक पहल है। नगर निगम गुरूग्राम द्वारा इस पहल के अंतर्गत नागरिकों के बीच जाकर उन्हें कचरे को अलग-अलग करने के बारे में प्रेरित किया गया। नागरिकों को सूखा कचरा, गीला कचरा, घरेलू हानिकारक कचरा व जैव अपशिष्ट की पहचान को बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही प्रत्येक कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखने के लिए प्रेरित किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को आजादी के अमृत महोत्सव की महत्ता और इस उत्सव की सहभागिता के लिए भी जागरूक किया गया।

नगर निगम गुरूग्राम के आयुक्त मुकेश कुमार आहुजा के अनुसार आजादी का अमृत महोत्सव के तहत नगर निगम गुरूग्राम द्वारा 2 अक्तुबर तक अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके तहत मंगलवार, 28 सितम्बर को सैक्टर-15 पार्ट-1 स्थित सामुदायिक केन्द्र में एक कार्यक्रम का आयोजन करके स्वच्छता में योगदान देने वाले आरडब्ल्यूए, समाज कल्याण संस्थान, मोहल्ला एसोसिएशन एवं अन्य आवासीय संघों को सम्मानित भी किया जाएगा।

स्कूली बच्चों को किया गया जागरूक : आजादी का अमृत महोत्सव के तहत निगम पार्षद सीमा पाहुजा, नगर निगम गुरूग्राम के प्रोग्राम कॉर्डिनेटर कुलदीप सिंह, मोनी प्रकाश व इकोग्रीन के प्रतिनिधि संजीव शर्मा ने सैक्टर-4 स्थित ब्लू बेल्स मॉडल स्कूल में बच्चों को आजादी के अमृत महोत्सव की महत्ता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को कचरा अलगाव के बारे में प्रेरित किया।

You May Have Missed

error: Content is protected !!