— कांग्रेस कार्यालय के सामने तीन घंटे तक किया प्रदर्शन 
— प्रदर्शन में भाजपा के सभी नेता रहे शामिल 

गुरुग्राम। किसान आंदोलन को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के भड़काऊ बयान को लेकर भाजपा का पारा सांतवें आसमान पहुंच गया। कैप्टन के बयान से बिफरी भाजपा ने कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कैप्टन के साथ-साथ हरियाणा कांग्रेस के नेताओं की जमकर बखियां उधेड़ी। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा के संयोजन में आयोजित प्रदर्शन में स्थानीय नेताओं के साथ बड़े नेता भी शामिल रहे।

प्रदर्शन में मुख्य वक्ता के तौर पर शामिल हुए पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं वरिष्ठ नेता वीर कुमार यादव ने कहा कि कैप्टन ने अपने बयान से यह साबित कर दिया कि कथित किसान आंदोनल पूरी तरह उनके द्वारा पोषित है। वह हरियाणा की शांति को भंग करने का हर षडयंत्र कर रहे हैं। लेकिन हरियाणा की जनता यह कभी नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के नेता कैप्टन के बयान से कितना इत्तेफाक रखते हैं, उन्हें यह सपष्ट करना चाहिए। प्रदर्शन के संयोजक और प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता इससे साफ झलकती है।

उन्होंने कहा कि कैप्टन के बयान के बाद कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्षा कुमारी शैलजा, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला के मुंह में दही जमा है। कांग्रेस के ये प्रदेश विरोधी नेता अपनी स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं करते कि वो कैप्टन के साथ हैं या फिर प्रदेश के साथ। कांग्रेस ने हमेशा देश को बांटने की बात की है। उन्होंने कहा कि कैप्टन की हठधर्मिता के कारण सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी आज तक हरियाणा को उसके हिस्से का एसवाईएल का पानी नहीं मिल पाया। 

इस्तीफे पर जताई खुशी

प्रदर्शन के बाद जैसे ही भाजपाइयों को कैप्टन अमरिंद्र सिंह के इस्तीफे की जानकारी मिली उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। प्रदर्शन के दौरान भाजपाई कैप्टन के इस्तीफे की मांग ही कर रहे थे। जीएल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अपना अंतर्कलह नहीं थाम पा रही है और प्रदेश की अशांति को भंग करने का प्रयासा कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस की स्थिति समझ चुकी है। आने वाले समय में कोई कांग्रेस का नाम लेने वाला भी नहीं होगा। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को यह अच्छी तरह समझ लेना चाहिए कि उनके मुंगेरी लाल के हसीन सपने कभी पूरे नहीं होंगे। हरियाणा का आम आदमी सड़कों पर उतरकर कांग्रेस के चेहरे को बेनकाब करने का काम करेगा। हरियाणा की जनता चुप नहीं बैठेगी। कांग्रेस में जितना दम है वो लगा ले, भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के हितों के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी। 

पार्टी के प्रवक्ता कुवंर सूरजपाल अम्मू ने कहा कि यह बयान केवल कैप्टन अमरिंदर सिंह का नहीं है, यह कांग्रेस पार्टी का आधिकारिक बयान है। जिस तरह से एसवाईएल के मुद्दे पर हरियाणा की जनता के साथ बार बार धोखा होता रहा है। भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता सेवा ही संगठन की विचार धारा पर चलता है सबका साथ सबका विकास इस विचारधारा को लेकर चलता है। राष्ट्र हित की उसके लिए सबसे बड़ा हित हैै। कांग्रेस हरियाणा की तीन करोड़ जनता से माफी मांगे। पार्टी के गुरुग्राम प्रभारी दीपक मंगला ने कहा का आम जनमानस हरियाणा के कांग्रेसी नेता कुमारी शैलजा, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सिंह सुरजेवाला से यह जानना चाहती है कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री के साथ हैं या हरियाणा की तीन करोड़ जनता के साथ हैं।  क्यों हरियाणा के कांग्रेसी नेताओं के मुंह बंद है। पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा दिए हुए बयान का खंडन क्यों नहीं करते।

पटौदी के विधायक सत्यप्रकाश जरावता ने कांग्रेस मुख्यालय को दुखालय की संज्ञा देते हुए कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री का बयान हरियाणा के हित में नहीं है। पंजाब कांग्रेस के साथ मिलकर हरियाणा कांग्रेस प्रदेश की शांति और अर्थव्यवस्था को बर्बाद करना चाहते हैं। हरियाणा के इन सभी कांग्रेस नेताओं को जवाब देना चाहिए। हरियाणा का जनमानस अब इस तरह के नेताओं का बहिष्कार एवं विरोध करेगा।

प्रदर्शन में प्रदेश सचिव समय सिंह भाटी, जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़, मनीष यादव, रमन मलिक, भूपेंद्र चैहान, कल्याण चैहान, उषा प्रियदर्शी, हरविंद कोहली, मेयर मधु आजाद, अनुराग बक्शी, अरुण यादव, शैलेंद्र पांडे, नोकशम चैधरी, खुर्शीद रजाका, नरेंद्र पटेल, मनीष गाडौली, मनोज शर्मा, हरबीर अघाना,अजीत यादव, यादराम जोया ,रामवीर भाटी, सुमेर तंवर ,नीरज यादव, जितेंद्र चैहान, नितिन शांडिल्य प्रियव्रत कटारिया ,देवेंद्र यादव, श्रवण आहूजा, संदीप देशवाल, सहित जिले के सभी भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!