विज ने जताई उम्मीद, टोक्यो ओलंपिक में भारत के खिलाड़ी अपना परचम लहराएंगे- अनिल विज

चंडीगढ़, 24 जुलाई- हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज ने आज टोक्यो ओलंपिक में भारत को ओपनिंग-डे पर पहला पदक दिलाने पर वेटलिफ्टर मीराबाई चानू को बधाई दी है।
श्री विज ने आज ट्वीट करके कहा कि “टोक्यो ओलंपिक में मीराबाई चानू को भारोत्तोलन में रजत पदक जीतने के लिए बधाई”। श्री विज ने उम्मीद जताई है कि इसी प्रकार टोक्यो ओलंपिक में भारत के खिलाड़ी अपना परचम लहराएंगे और दुनिया में देश का नाम ऊंचा करेंगे।
गौरतलब है कि भारतीय महिला स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने टोक्यो ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। मीराबाई ने 49 किलोग्राम वर्ग में पदक अपने नाम किया।
मीराबाई चानू ने ओलिंपिक खेलों की भारोत्तोलन स्पर्धा में पदक का भारत का 21 साल का इंतजार खत्म किया है। चानू ने क्लीन एवं जर्क में 115 किलोग्राम और स्नैच में 87 किलोग्राम से कुल 202 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। इससे पहले, कर्णम मल्लेश्वरी ने सिडनी ओलंपिक 2000 में देश को भारोत्तोलन में कांस्य पदक दिलाया था।