हौंसला बढ़ाने के लिए खेल राज्य मंत्री ने सभी खिलाडिय़ों को भेजे लिखित बधाई एवं प्रशंसा संदेश

चंडीगढ़, 24 जून – हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि टोक्यो ओलंपिक खेलने जा रहे देश भर के कुल 121 खिलाडिय़ों में से 30 हमारे प्रदेश के हैं। क्वालीफाई करने वाले सभी खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ाने के लिए वे लगातार इनके संपर्क में हैं । इन खिलाडिय़ों को बेहतरीन कोच प्रशिक्षित कर रहे हैं ताकि अधिक से अधिक मेडल देश के लिए जीते जा सकें।

विशेष बातचीत में खेल राज्य मंत्री ने कहा कि खिलाडिय़ों का हौंसला बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के निर्देशानुसार खेल विभाग ने इन सभी खिलाडिय़ों को व्यक्तिगत रूप से लिखित में बधाई संदेश भेजे हैं ।

खेल मंत्री सरदार संदीप सिंह ने कहा कि देश की कुल आबादी की तुलना में प्रदेश की आबादी महज दो प्रतिशत है। बावजूद इसके आलंपिक के लिए लगभग 25 प्रतिशत खिलाड़ी हरियाणा से चयनित होना कारगर खेल नीति को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि सरकार ने ओलंपिक के लिए चयनित हुए खिलाडिय़ों को पहली बार पांच लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई है। लगभग 20 खिलाडिय़ों के खाते में यह राशि पहुंच चुकी है। जबकि शेष की औपचारिकताएं पूरी होने के तुरंत बाद उन्हें भी राशि मुहैया करवा दी जाएगी। इस राशि से खिलाड़ी अपनी डाइट और तैयारी हेतू  उपकरण व अन्य सामान खरीद पाएंगे। जिनकी उन्हें प्रेक्टिस के लिए जरुरत है।

खेल मंत्री ने कहा कि बतौर खेल मंत्री उनके लिए सभी खेल समान हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के क्षेत्र में प्रदेश के लिए इस वर्ष दो बड़े इवेंट ओलंपिक और खेलो इंडिया आ रहे हैं। खेलो इंडिया 21 से 30 नवंबर तक पंचकूला व आसपास साथ लगते जिलों के आयोजित किया जाएगा। जिसमें ब्रिक्स देशों सहित हजारों खिलाड़ी भाग लेंगे। जापान ओलंपिक पैटर्न को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार खेलो इंडिया को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। इसके लिए सभी अधिकारियों को व्यवस्था समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

error: Content is protected !!