चंडीगढ़/ पंचकूला, 23 जून। सेक्टर 6  पंचकूला निवासी सुधा भारद्वाज को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। मौजूदा समय में कांग्रेस नेत्री सुधा भारद्वाज हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। अब उन्हें पूर्ण रूप से हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी गई है।

 सुमित्रा चौहान के भाजपा में चले जाने के बाद वह अभी तक इसका कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर कार्यभार देख रही थी। उनकी अध्यक्ष पद की नियुक्ति की घोषणा  दिल्ली में की गई।

अपनी इस नियुक्ति पर उन्होंने राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी हरियाणा मामलों के प्रभारी विवेक बंसल, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी शैलजा, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव, एवं देश व प्रदेश के तमाम शीर्ष नेताओं का आभार व्यक्त किया है।

सुधा भारद्वाज ने कहा कि  इन नेताओं ने उनमें जो विश्वास जताया है वह उस पर खरा उतरने का भरपूर प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि वह अपनी पूरी टीम के साथ प्रदेश महिला कांग्रेस को और मजबूती देने के लिए जी तोड़ मेहनत करेंगी तथा प्रदेश में महिलाओं की राजनीति में भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को पार्टी की नीतियों से अवगत कराते हुए उन्हें कांग्रेश के साथ जोड़ने का काम करेंगी। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में महिलाओं के उत्पीड़न के जिस तरह से मामले दिन प्रतिदिन बढ़ रहे हैं पार्टी आने वाले दिनों में इसके खिलाफ भी संघर्ष करेगी।

error: Content is protected !!