मुख्यमंत्री का जन्मदिन मनाने का कार्यक्रम किया स्थगित

हांसी , 4 मई  । मनमोहन शर्मा
पूरा देश कोरोना की भयंकर लहर से जूझ रहा है। उम्मीद और भय के इस मिले-जुले वातावरण में जब सब तरफ सिर्फ चिंता है तो खुशियां मनाना बेमानी सा लगता है। इसीलिए मनोहर मोर्चा ने 5 मई को प्रदेश के मुख्यमंत्री का जन्मदिन न मनाने का फैसला किया है और मुख्यमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में कोरोना रिलीफ फंड में धनराशि दान करने का निर्णय लिया गया है। यह कहना है मनोहर मोर्चा के संस्थापक व अध्यक्ष सुभाष ढींगड़ा का।

  मोर्चा अध्यक्ष सुभाष ढींगड़ा ने बताया कि मनोहर मोर्चा की मासिक बैठक का आयोजन वर्चुअल मीटिंग द्वारा किया गया । जिसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जब पूरे देश में कोरोना महामारी फैली हुई है तो ऐसे में लोगों को हर प्रकार की मदद देना, उनका सहारा बनना ही हमारा सबसे पहला लक्ष्य है। इसीलिए मनोहर मोर्चा ने यह निर्णय लिया है कि इस बार मुख्यमंत्री का जन्म दिवस न मना कर कार्यक्रम में खर्च की जाने वाली राशि को कोरोना सहायता के लिए दान किया जाए।

 इस संपूर्ण राशि को मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर उनके द्वारा कोरोना रिलीफ फंड में भेंट किया जाएगा जिससे मुख्यमंत्री को दीर्घायु व स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद मिल सके। वहीं सुभाष ढींगड़ा ने बताया कि महामारी के इस काल में मनोहर मोर्चा अपने स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को दवा, भोजन, जानकारी व अन्य सहायता सामथ्र्य के अनुसार उपलब्ध करा रहा है। साथ ही मोर्चा प्रमुख ने अपील की कि लोग धैर्य व संयम बनाए रखें व लॉकडाउन और सरकारी नियमों का सख्ती से पालन करें जिससे कि कोरोना की चेन को तोडऩे में सहायता मिले और महामारी से यह देश और पूरा विश्व जल्द ही उभर सके। अध्यक्ष ने सभी सदस्यों को मनोहर लाल का जन्मदिन अपने घर पर ही मनाने का आह्वान किया।

वहीं मनोहर मोर्चा के संयोजक रामचंद्र गुप्ता ने कहा कि मनोहर मोर्चा हर साल मुख्यमंत्री का जन्म दिवस बड़े ही हर्षोल्लास से मनाता है लेकिन आज की परिस्थितियों में जन्मदिन मनाने से ज्यादा आवश्यक जनता की सहायता करना व उन्हें होसला देना है, इसीलिए इस बार यह कार्यक्रम स्थगित कर समाजसेवा में मनोहर मोर्चा अपना हर क्षण समर्पित करता है। इस दौरान प्रेम चौधरी, विजय नागपाल, अशोक गांधी, हरीश चौधरी, नरेश मेहता, संजय सेहरा, दिनेश नागपाल, लोकेश अनेजा, अश्वनी नागपाल, गौरव सिंह गिरधर आदि उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!