भिवानी/मुकेश वत्स

राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय खेलों में भिवानी व दादरी जिलों के खिलाडिय़ों की प्रतिभागिता को देखते हुए हरियाणा सरकार को भिवानी में खेल विश्विद्यालय की स्थापित करने की घोषणा अविलम्ब करनी चाहिए। इसके लिए भिवानी व दादरी जिले के जनप्रतिनिधियों को भी विधानसभा में आवाज उठानी चाहिए। यह मांग युवा कल्याण संगठन के संरक्षक कमल सिंह प्रधान ने उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य के माध्यम से हरियाणा के मुख्यमंत्री को दिए ज्ञापन में उठाई।

ज्ञापन जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल ने लिया। मुख्यमंत्री को दिए ज्ञापन में युवा कल्याण संगठन ने मांग की कि भिवानी व दादरी जिले के खिलाडिय़ों ने दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है ऐसे में भिवानी में खेल विश्वविद्यालय का गठन आवश्यक है। उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने के पश्चात कमल प्रधान ने बताया कि द्रोणाचार्य अवार्डी बॉक्सिंग कोच जगदीश सिंह के साथ उन्होंने सरकार से मांग की है कि देश को 1000 से ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी,15 ओलम्पियन,24 अर्जुन अवार्डी, 26 भीम अवार्डी और 3 द्रोणाचार्य अवार्डी देने वाले भिवानी व दादरी जिले में खेलो को और ज्यादा बढ़ावा देने के लिए खेल विश्विद्यालय की स्थापना अबिलम्ब की जाए।

कमल प्रधान ने कहा कि पिछले चार ओलंपिक खेलों में मुख्य रूप से बॉक्सिंग और कुश्ती सहित अन्य खेलों में भिवानी व दादरी जिले के खिलाडिय़ों की बढ़ती प्रतिभागिता के बावजूद भिवानी में खेल विश्वविद्यालय का न होना ना सिर्फ प्रदेश सरकार के लिए शर्म की बात है अपितु यह दोनों जिलों की खेल प्रतिभाओं के साथ भी बहुत बड़ा  विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि खेल विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए युवा कल्याण संगठन हस्ताक्षर अभियान भी चलाएगा।

error: Content is protected !!