मॉक पार्लियामेंट: विपक्ष ने यौन शोषण, महिला असुरक्षा जैसे ज्वलंत मुद्दों से सरकार को घेरा

वुमन वीक के दूसरे दिन पंचायत भवन में सजी संसद
प्रथम स्थानों पर रहने वाली छात्राओं को बनाया जाएगा एक दिन का उच्च प्रशासनिक अधिकारी

भिवानी/धामु

वुमन वीक के दूसरे दिन पंचायत भवन में आयोजित मॉक पार्लियामेंट में दिल्ली जैसी संसद का नजारा बना। संसद में जहां विपक्ष ने यौन शोषण व महिला असुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने का प्रयास किया, वहीं दूसरी ओर सरकार के संबंधित विभागों के मंत्रियों ने प्रश्रों का सरकारी तथ्यों व योजनाओं के आधार पर सटीक जवाब दिया, जिस पर विपक्ष के सांसद बेबस नजर आए।

उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य संसद की पूरी कार्यवाही के दौरान मौजूद रहे। उन्होंने संसद की कार्यवाही में पहले पांच स्थानों पर रहने वाली छात्राओं को एक दिन के लिए जिला के उपायुक्त पद से एसडीएम पद के उच्च प्रशासनिक पदों पर आसीन करने का ऐलान किया।

उल्लेखनीय है कि एक से पांच मार्च तक जिला प्रशासन द्वारा वुमन वीक का आयोजन किया जा रहा है। वुमन वीक के दूसरे दिन स्थानीय पंचायत भवन में मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया गया, जिसमें राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने भाग लिया। मॉक पार्लियामेंट में कुमारी मोनिका ने अध्यक्ष की भूमिका निभाई तथा अन्नू सांगवान ने प्रधानमंत्री की भूमिका निभाई। कुमारी अंकिता व प्रज्ञा राष्ट्रपति के मेहमान के रूप में शामिल हुए। कुमारी प्रीति गृह मंत्री, लवीना मानव संसाधन मंत्री, पूजा पर्यावरण मंत्री, सोनिया महिला एवं बाल विकास विभाग, विधि मंत्री गीतांशु, सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्री प्रिया और प्रियंका ने कृषि मंत्री की भूमिका निभाई।

संसद की कार्रवाई के दौरान मुंबई से आर्ट फाऊंडेशन की अध्यक्ष रूबल नागी भी मौजूद रहीं। दिल्ली से विभूति, केशव व पदमनाथन विशेष जज के रूप में उपस्थित रहे। ई-लर्निंग चैनल के माध्यम से जिला के 60 स्कूलों में करीब 3 हजार विद्यार्थियों को इससे सीधा जोड़ा गया। सबसे पहले लोकसभा अध्यक्ष द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाई जाती है और उसके बाद भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र तथा बरेली से सांसद शपथ लेती हैं। संसदीय कार्यवाही में उत्तरांखड में ग्लेशियर विस्फोट से हुई नागरिकों की मौत पर दो मिनट का मौन रखा गया।

प्रधानमंत्री द्वारा अपने नए सदस्यों का परिचय करवाया जाता है। लोकसभा अध्यक्ष द्वारा संसद की कार्यवाही शुरु करने की इजाजत दी जाती है। संसद की कार्यवाही के दौरान विपक्ष की सांसद योगिता ने दिन-प्रतिदिन हो रही बलात्कार जैसी घटनाओं पर संबंधित मंत्री से जवाब मांगा कि सरकार द्वारा क्या कार्रवाई की जा रही है। इस पर संबंधित मंत्री ने जवाब दिया कि दोषियों पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जाती है, उनको जेल भेजा जा रहा है। सरकार द्वारा पोक्सो एक्ट भी लागू किया गया है। विपक्ष ने आरोप लगाया कि पोक्सो एक्ट को भी प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया जा रहा है। नारी सशक्तिकरण पर सरकारी की ओर से जवाब दिया गया कि सरकार द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान 22 जनवरी 2015 से शुरु किया गया है। वन स्टॉप सेंटर स्थापित किए गए हैं। संसद में महिला आरक्षण विधेयक को बहुमत से पारित किया गया।

इस दौरान उपायुक्त आर्य ने कहा कि मॉक पार्लियामेंट जैसे आयोजन छात्राओं में आत्म विश्वास की भावना पैदा करती हैं, जो आगे बढऩे के लिए सबसे जरूरी है। मुंबई से पहुंची रूबल नागी ने कहा कि आगे बढऩे के लिए महिलाओं में आत्मविश्वास होना चाहिए। मॉक पार्लियामेंट में विपक्ष की भूमिका निभाने वाली भारती ने पहला, अनुपमा ने दूसरा, मानव संसाधन मंत्री लवीना ने तीसरा, विपक्ष से ही योगिता ने चौथा और गृह मंत्री प्रीति ने पांचवा स्थान हासिल किया।

You May Have Missed

error: Content is protected !!