पुनहाना, कृष्ण आर्य

दहेज में 1 लाख रुपए व मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर पति ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। पत्नी का आरोप है कि अक्सर ससुराल पक्ष के लोग उससे मारपीट भी करते थे। पीड़िता की शिकायत के आधार पर बिछोर थाना पुलिस ने पति सहित पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।             

पीड़िता रवीना निवासी इनदाना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 3 वर्ष पहले लुकमान पुत्र नसरू निवासी वीरसिका के साथ उसके परिजनों ने की थी। शादी के समय उसके परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज भी दिया था। परंतु ससुराल पक्ष के लोग शादी में दिए दान दहेज के कारण नाखुश थे। वे अक्सर 1 लाख रुपए नगदी व एक मोटरसाइकिल की मांग करते थे। पीड़िता ने बताया कि उसने एक लड़की को भी जन्म दिया। परंतु ससुराल पक्ष के लोग हमेशा दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते। कई बार उससे मारपीट भी की गई। जिसके बारे में उसने अपने मायके पक्ष को भी कई बार बताया पीड़िता ने बताया कि मामले को लेकर उसके ससुराल पक्ष और मायके पक्ष में कई बार पंच पंचायती भी हुई। परंतु ससुराल पक्ष के लोग नहीं माने। पीड़िता ने बताया कि दहेज की मांग को लेकर उसके पति लुकमान ने उसे तीन तलाक देकर अपनी जिंदगी से बेदखल कर दिया और दहेज में दिया गया सामान भी उसे वापस देने से मना कर दिया।       

जांच अधिकारी कमल सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

error: Content is protected !!