चंडीगढ़। शहर में आजकल रात को पारा नीचे जा रहा है लेकिन अभी तक प्रशासन की तरफ से उन लोगों के लिए रहने का कोई इंतजाम नहीं किया है जो कि खुले में सोते हैं। इसको लेकर अब युवा कांग्रेस चंडीगढ़ ने रैन बसेरों को लेकर भाजपा शासित चंडीगढ़ प्रशासन व निगम को आड़े हाथों लिया है। चंडीगढ़ युवा कांग्रेस ने बेघरों के लिए जल्द से जल्द नाईट शेल्टर का प्रबंध करने के लिए चण्डीगढ़ के प्रशासक और उनके सलाहकार मनोज परिदा को पत्र लिखा है।

युवा कांग्रेस के स्थानीय अध्यक्ष लव कुमार, मीडिया प्रभारी विनायक बंगिया एवं युवा नेता सुनील यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि सर्दी का मौसम दस्तक दे चुका है व रातें ठंडी होने लगीं हैं। शहर में ऐसे मेहनतकश मजदूर वर्ग के लोग अच्छी खासी संख्या में हैं जो बिना छत के हैं व दुकानों के बरामदों, सार्वजानिक भवनों, पुलों के नीचे ठिठुरते हुए रात काटने को मजबूर हैं। इसलिए इनके लिए रैन बसेरों की सुविधा तत्काल शुरू कर देनी चाहिए।

हर बार प्रशासनिक अधिकारी इसमें विलम्ब कर देते है जबकि इसके लिए हर साल निविदा निकली जानी होती है व पूरी प्रक्रिया में कुछ दिन लग जातें हैं। इसलिए इसके लिए पहले से तैयारी रखनी चाहिए। उन्होंने ये सुविधा के लिए आपात स्तर पर काम करने का प्रशासक से अनुरोध किया है।

error: Content is protected !!