— भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए महज ऑफिस नहीं संस्कारशाला होंगे कार्यालय     

  गुरुग्राम। हरियाणा भाजपा भवन निर्माण समिति प्रमुख एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जीएल शर्मा ने कहा कि नव वर्ष में पूरे प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं में  कार्यालय रूपी संस्कारशाला के माध्यम से सेवा और समर्पण का बीज अंकुरित किया जाएगा। प्रदेश में बन चुके और बन रहे कार्यालय कार्यकर्ताओं के लिए संस्कारशाला का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के मान -सम्मान और स्वाभिमान को जगाने के साथ उन्हें कर्तव्य बोध का एहसास कराने का वक्त भी है।

 हरियाणा के सभी जिलों में भाजपा कार्यालय बन रहे हैं।  यह हाईटेक भाजपा आफिस न होकर कार्यालय बने, ऐसा प्रयास हर स्तर पर किया जा रहा है। ऑफिस में सुबह 10:00 से शाम 5:00 बजे तक काम होता है और कार्यालय में सातों दिन 24 घंटे संगठन के साथ सेवा कार्य। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालयों में लगने वाली एक-एक ईंट पार्टी के दिवंगत और मौजूदा वरिष्ठ नेताओं के सेवा और समर्पण का अहसास कराएगी। इसलिए कार्यकर्ताओं में पार्टी नेता रूपी स्तभों की महक सदैव बनी रहनी चाहिए। 

“5 क” हमेशा से भाजपा की विशेषता रही है, यानि कार्यकर्ता, कार्यालय, कार्यक्रम  कोष और कार्यकारिणी। 

इन कार्यालय में फॉर्च्यूनर पर चलने वाले से लेकर साइकिल पर आने वाले कार्यकर्ता को बराबर का मान सम्मान मिलेगा। कार्यकर्ताओं के बीच भाजपा के गौरवशाली और स्वर्णिम इतिहास के साथ नेतृत्व के प्रति आस्था और विश्वास भी डगमगाना नहीं चाहिए। भाजपा के लिए  

संगठन महत्वपूर्ण है  और व्यक्ति  गौण। यही कारण है कि भाजपा अपने कार्यकर्ता को हमेशा पूरा मान सम्मान और आदर सत्कार देती है। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसका कोई भी निष्ठावान कार्यकर्ता अपने सेवा और समर्पण के बलबूते बड़े से बड़े पद तक का सफर तय कर सकता है। यह भाजपा के संस्कार है कि एक चायवाला भी देश का प्रधानमन्त्री बन सकता है। उन्होंने कहा कि वैसे तो पूरे भारतवर्ष में भाजपा के कार्यालय बनाए जा रहे हैं। चूंकि उनके पास हरियाणा कि जिम्मेदारी है तो हरियाणा प्रदेश में अभी तक सात कार्यालय, रेवाड़ी, नूह, पलवल, सोनीपत, हिसार और फतेहाबाद के कार्यालयों का उद्घाटन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय जेपी नड्डा जी के कर कमलों द्वारा अगस्त महीने में हो चुका है।

करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, झज्जर तथा नारनौल का शिलान्यास इसी महीने होना है। जबकि पंचकूला, अंबाला, कैथल, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक और गुड़गांव कार्यालय निर्माणधीन है। पानीपत कार्यालय का भूमिपूजन दो दिन पहले ही माननीय मुख्यमंत्री मनोहर लाल और यशस्वी प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ की मौजूदगी में हुआ है। फरीदाबाद और सिरसा के कार्यालयों की भूमि आवंटन का कार्य अंतिम चरण में है। इस लिहाज से देखें तो नए वर्ष में प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा के कार्यालय बनकर तैयार हो जाएंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आमजन को भी इन कार्यालयों के माध्यम से नई सहूलियतें मिलेंगी।

error: Content is protected !!