किसानों से किया वादा: एमएसपी से कम रेट पर नहीं होगी फसल की सरकारी खरीद

भिवानी/शशी कौशिक

 हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अपने परदादा ताऊ देवीलाल की तरह ही गांव धनाना की बंगला चौपाल में जनता दरबार लगाया। उन्होंने करीब दो घंटे तक ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और उनके समाधान के लिए मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि उनके रहते एमएसपी से कम रेट पर किसानों की फसल की सरकारी खरीद नहीं होगी। अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री चौटाला ने कहा कि किसानों की फसल का दो हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का किसानों को भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग किसानों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन यहां का समझदार किसान विपक्ष के बहकावे में आने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बाजरा, कपास, जीरी व मक्का एमएसपी पर खरीदी जा रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों के हितों पर किसी भी प्रकार से आंच नहीं आने दी जाएगी। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने 200 से अधिक लोगोंं की समस्याएं सुनी। धनाना प्रथम, द्वितीय व तृतीय की पंचायत ने उप मुख्यमंत्री को अलग-अलग मांग पत्र सौंपा। चौटाला ने आश्वस्त किया कि सभी सार्वजनिक मांगों को पूरा करवाया जाएगा।

error: Content is protected !!